सीहोर जिले के रेहटी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह लापरवाही और ओवरलोडिंग ने एक बार फिर जानलेवा रूप ले लिया। भैसान गांव के पास धान रोपाई के लिए जा रहे मजदूरों से खचाखच भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक महिला मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक मजदूर घायल हो गए। घायलों में महिलाएं, बच्चे और नाबालिग भी शामिल हैं। हादसे ने क्षेत्र में खुलेआम चल रही ओवरलोडिंग की पोल खोल दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में 50 से अधिक मजदूरों को ठूंस-ठूंसकर बैठाया गया था। क्षमता से कई गुना अधिक सवारियां होने के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और भैसान गांव के पास पलट गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और मजदूर सड़क व खेतों में दूर-दूर तक बिखर गए। हादसे में अनीता पति पतिराम निवासी भिलाई की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई महिलाएं, छोटे बच्चे और नाबालिग शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद भेरुंदा अस्पताल और आवश्यकता अनुसार उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर किया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में घायलों का इलाज जारी है।
धान रोपाई के लिए जा रहे थे मजदूर
बताया जा रहा है कि वर्तमान में क्षेत्र में धान रोपाई का कार्य तेजी से चल रहा है। चकल्दी, लाड़कुई और आसपास के आदिवासी इलाकों से हर रोज बड़ी संख्या में मजदूरों को खेतों तक पहुंचाने के लिए मालवाहक पिकअप वाहनों का इस्तेमाल किया जाता है। मजदूरों की सुरक्षा की अनदेखी करते हुए इन वाहनों में क्षमता से कहीं अधिक लोगों को बैठाया जाता है, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना रहता है।
पढ़ें: मध्य प्रदेश पुलिस में बड़ा फेरबदल, 265 निरीक्षक बने DSP; 12 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों के तबादले
मालवाहक वाहन में सवारी, नियमों की खुली अनदेखी
मोटर वाहन अधिनियम के अनुसार मालवाहक वाहनों में यात्रियों को बैठाना प्रतिबंधित है। इसके बावजूद क्षेत्र में खुलेआम पिकअप वाहनों में मजदूरों को भरकर ले जाया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह सिलसिला लंबे समय से चल रहा है, लेकिन परिवहन विभाग और पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण वाहन चालक बेखौफ होकर नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन पर उठाए सवाल
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि यदि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ समय रहते सख्त कार्रवाई की जाती तो आज एक महिला की जान नहीं जाती और दर्जनों परिवार इस हादसे का दर्द नहीं झेलते। ग्रामीणों ने दोषी वाहन चालक और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बुधनी एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि रेहटी थाना क्षेत्र के ग्राम भैसान के पास मजदूरों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में अनीता पति पतिराम निवासी भिलाई की मौके पर मौत हो गई है। अन्य घायलों को इलाज के लिए भेरुंदा अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।