कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को आतंकी बताकर जान से मारने की धमकी देने के बयान पर मप्र के शहडोल में विरोध में प्रदर्शन किया गया। केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रघुराज सिंह और शिवसेना शिंदे गुट के विधायक संजय गायकवाड द्वारा की गई अभद्र टिप्पणियों के खिलाफ युवक कांग्रेस ने जय स्तंभ चौक पर विरोध प्रदर्शन कर पुतला दहन किया। यह प्रदर्शन प्रदेश अध्यक्ष मितेंद्र दर्शन सिंह के निर्देश पर एवं जिलाध्यक्ष अनुपम गौतम के नेतृत्व में हुआ।
प्रदर्शन में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नरेंद्र मरावी, पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष आजाद बहादुर सिंह, राजेश सोंधिया, मोहम्मद यूसुफ, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव सुफियान खान, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव अभिषेक शुक्ला, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव अंकित सिंह, दुर्गा एक्सप्रेस सांसद प्रतिनिधि सबी खान, बंटी शेख, आबिद, और बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
युवक कांग्रेस (यूका) ने कहा कि भाजपा मंत्रियों की ऐसी टिप्पणी उनकी ओछी मानसिकता को दर्शाती है। वे राहुल गांधी की देश और विश्व में बढ़ती लोकप्रियता से हताश हो रहे हैं। भाजपा की कथनी और करनी आम जनता के सामने आ चुकी है, जिसके कारण भाजपा का जनाधार कम हो रहा है। यूका ने आगे कहा कि इस बार के आम चुनावों में भाजपा को पूर्ण बहुमत न मिलना इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है।
युवक कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि इस तरह के झूठे आरोपों से भाजपा राहुल गांधी की लोकप्रियता को कम नहीं कर सकती। उनकी दादी स्व. इंदिरा गांधी और पिता स्व. राजीव गांधी ने इस देश के लिए अपने प्राण न्योछावर किए हैं, और उनके परिवार की इन कुर्बानियों को देशवासी कभी नहीं भूल सकते।