शाजापुर में नईसड़क स्थित अन्नपूर्णा नर्सिंग होम का स्वास्थ्य और राजस्व विभाग की टीम ने बुधवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नर्सिंग होम में डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ अनुपस्थित पाए गए, जबकि उसी दिन सुबह यहां एक महिला की डिलीवरी हुई थी। इस स्थिति में महिला की देखरेख भगवान भरोसे थी। फायर सेफ्टी संबंधी उपायों में भी लापरवाही पाई गई है। इसके अलावा अन्य अनियमितताएं भी सामने आई हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा नर्सिंग होम संचालक को नोटिस जारी किया जाएगा और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
औचक निरीक्षण डिप्टी कलेक्टर राजकुमार हलधर और जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुमित यादव के नेतृत्व में किया गया। टीम ने नर्सिंग होम का गहराई से निरीक्षण किया और मौजूदा स्टाफ से जानकारी प्राप्त की। नर्सिंग होम संचालक और डॉक्टर को फोन किए गए, लेकिन वे उपस्थित नहीं हो सके। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुमित यादव ने बताया कि निरीक्षण के दौरान जो भी स्थिति सामने आई है, उसका पंचनामा तैयार किया गया है। नोटिस जारी किया जाएगा और जवाब आने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर सुमित यादव के नेतृत्व में की गई कार्रवाई।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में सुविधाओं की जानकारी लेते अधिकारी।