सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक पत्रकार और उसके परिजनों के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर टीकमगढ़ शहर निवासी पत्रकार डीपी राजपूत एक सड़क दुर्घटना के मामले की कवरेज के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचे थे। वह पोस्टमार्टम रूम के पास खड़े थे, तभी अचानक कुछ पुरुष और महिलाएं वहां पहुंचे और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पत्रकार की पत्नी और बेटी भी पहुंचीं, लेकिन आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे जिले में सनसनी फैल गई है।
पीड़ित पत्रकार डीपी राजपूत ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में कोतवाली थाना, टीकमगढ़ में लिखित आवेदन दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनकी बाइक गिरा दी गई, उनकी पत्नी और बेटी के साथ भी मारपीट की गई तथा पत्नी और बेटी के मोबाइल फोन छीन लिए गए। फिलहाल पुलिस द्वारा मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- Indore News: खबर पर एक्शन... मंत्री ने ली अधिकारियों की क्लास, केमिकल वेस्ट बहा रहे उद्योगों पर कसी नकेल
इस मामले में टीकमगढ़ एसडीओपी राहुल ने बताया कि पत्रकार डीपी राजपूत के आवेदन पर कार्रवाई की जा रही है और मेडिकल परीक्षण के बाद प्रकरण दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जाएगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मारपीट किस कारण से हुई।
एसडीओपी ने आगे बताया कि घटना के समय टीकमगढ़ शहर के पत्रकार रूपेश जैन के घर के बाहर करीब 200 पुरुष और महिलाएं विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, जो जिला पंचायत अध्यक्ष के समर्थक बताए जा रहे हैं। यह प्रदर्शन एक कथित ऑडियो वायरल होने के विरोध में किया जा रहा था, जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी होने का आरोप है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाया और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।