टीकमगढ़ में कानून-व्यवस्था को चुनौती देती हुई 24 घंटे के भीतर दूसरी लूट की वारदात सामने आई है। इस बार जिले के खरगापुर नगर में दिनदहाड़े एक महिला के घर में घुसकर हथियारबंद बदमाशों ने कट्टा और छुरे की नोक पर लूट की घटना को अंजाम दिया। वारदात के दौरान बदमाशों ने महिला के साथ मारपीट भी की, जिससे वह घायल हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लगातार हो रही लूट की घटनाओं से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, खरगापुर नगर के पलेरा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास रहने वाली रामप्यारी लोधी, पति प्यारे लाल लोधी, घटना के समय घर पर अकेली थीं। इसी दौरान अज्ञात बदमाश घर में घुस आए। बदमाशों ने महिला को कट्टा और छुरा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गई। इसके बाद आरोपियों ने महिला के कानों से सोने के आभूषण और पैरों की पायल लूट ली तथा मौके से फरार हो गए।
दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। खरगापुर सहित आसपास के कई थानों की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने में जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ भी की और बदमाशों के भागने के संभावित रास्तों की जानकारी एकत्र की।
कुछ ही देर बाद एडिशनल एसपी विक्रम सिंह कुशवाहा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली तथा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- Live Bhopal Farmers Protest Live: सीहोर, रायसेन नर्मदापुरम समेत कई जिलों से आ रहे किसान, बड़ी भीड़ के जुटने का दावा
गौरतलब है कि सोमवार को भी जिले में एक पॉल्ट्री व्यापारी से दिनदहाड़े लूट की घटना हुई थी। लगातार दो दिनों में हुई दो बड़ी लूट की घटनाओं ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है तथा जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।