टीकमगढ़ के जतारा स्थित बिजली विभाग के संभागीय कार्यालय में कर्मचारियों के साथ हुई कथित मारपीट और तोड़फोड़ की घटना को लेकर बिजली कर्मचारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। घटना के दो दिन बाद भी आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होने से नाराज कर्मचारियों ने शुक्रवार को पूर्व क्षेत्र बिजली कर्मचारी महासंघ के बैनर तले रैली निकालकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया और दोषियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की मांग की।
कर्मचारियों ने पुलिस अधीक्षक के नाम सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि दो जून को ग्राम रतनगुंवा भाटा के कुछ ग्रामीण 25 केवीए ट्रांसफार्मर लेने के लिए जतारा बिजली कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान ग्रामीणों ने कार्यालय परिसर में घुसकर हंगामा किया, विद्युत आपूर्ति बाधित की और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। कर्मचारियों का कहना है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई तथा कार्यालय में रखे कंप्यूटर, प्रिंटर, फर्नीचर सहित अन्य सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया।
ज्ञापन के अनुसार घटना में कार्यालय सहायक चन्द्रशेखर नरवरिया सहित कई कर्मचारी घायल हुए हैं। महिला कर्मचारियों को भी चोटें आईं। कर्मचारियों का आरोप है कि हमलावरों ने जाते समय उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे कर्मचारियों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
बिजली कर्मचारी महासंघ का कहना है कि घटना के तत्काल बाद जतारा थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन दो दिन बीत जाने के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। इसी के विरोध में कर्मचारियों ने रैली निकालकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ये भी पढ़ें- MP News: रायसेन-भोपाल मार्ग पर दो बसों की भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौत, 35 मुसाफिर घायल
महासंघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई और कर्मचारियों को न्याय नहीं मिला तो संगठन व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाह ने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त हुई है। कुछ वीडियो फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर जो भी व्यक्ति दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान बीएमएस के अध्यक्ष नीरज बिदुआ, मध्य प्रदेश बिजली कर्मचारी महासंघ जबलपुर के प्रभारी मनोज अवस्थी, भारतीय मजदूर संघ के जिला उपाध्यक्ष अनूप यादव सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी, अधिकारी और संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।