कार्तिक मास कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि पर आज गुरुवार सुबह भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल के दरबार में हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। इस दौरान भक्तों ने देर रात से ही लाइन में लगकर अपने ईष्ट देव बाबा महाकाल के दर्शन किए। आज बाबा महाकाल भी भक्तों को दर्शन देने के लिए सुबह 4 बजे जागे। आज पूरा मंदिर परिसर जय श्री महाकाल की गूंज से भी गुंजायमान हो गया।
श्री महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा ने बताया कि विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर मे कार्तिक माह कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि गुरुवार सुबह 4 बजे भस्म आरती हुई। इस दौरान वीरभद्र जी से आज्ञा लेकर मंदिर के पट खुलते ही पण्डे पुजारियों ने गर्भगृह में स्थापित सभी भगवान की प्रतिमाओं का पूजन किया। जिसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक दूध, दही, घी, शक्कर पंचामृत और फलों के रस से किया गया। पूजन के दौरान प्रथम घंटाल बजाकर हरि ओम का जल अर्पित किया गया। पुजारियों और पुरोहितों ने इस दौरान बाबा महाकाल का श्री कृष्ण के स्वरूप में शृंगार कर कपूर आरती के बाद बाबा महाकाल को नवीन मुकुट के साथ रुद्राक्ष और मुंड माला धारण कराई। जिसके बाद महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल के शिवलिंग पर भस्म अर्पित की गई। आज के शृंगार की विशेषता यह थीं कि आज बाबा महाकाल को श्री कृष्ण स्वरूप में शृंगार कर उन्हें सजाया गया था। जिसके दिव्य दर्शनों का लाभ हजारों भक्तों ने लिया और जय श्री महाकाल का जयघोष भी किया। जिससे पूरा मंदिर परिसर जय श्री महाकाल की गूंज से गुंजायमान हो गया। भस्म आरती में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया। मान्यता है कि भस्म अर्पित करने के बाद भगवान निराकार साकार स्वरूप में दर्शन देते हैं।
ये भी पढ़ें-
मध्य प्रदेश में दिन में तेज धूप, रात में हल्की ठंडक शुरू, पूर्वी जिलों में हल्की बारिश के आसार
मंदिर प्रशासक ने श्री महाकालेश्वर निशुल्क अन्नक्षेत्र का निरीक्षण किया
अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक द्वारा श्री महाकालेश्वर निशुल्क अन्नक्षेत्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कौशिक ने भक्तों हेतु तैयार किए जा रहे भोजन प्रसाद की गुणवत्ता का अवलोकन किया तथा भोजन निर्माण प्रक्रिया में स्वच्छता और हाईजीन का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि अन्नक्षेत्र में केवल ताज़ी और उच्च गुणवत्ता की सामग्रियों का ही उपयोग किया जाए। इस अवसर पर प्रशासक ने भोजन ग्रहण कर रहे श्रद्धालुओं से संवाद कर उनके अनुभव एवं सुझाव प्राप्त किए। श्रद्धालुओं ने बताया कि भगवान श्री महाकालेश्वर जी का भोजन प्रसाद स्वादिष्ट और संतोषजनक है। इसके पश्चात कौशिक ने श्री महाकाल अतिथि निवास का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कमरों की स्वच्छता, सफाई व्यवस्था एवं अतिथि रजिस्टर का अवलोकन करते हुए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश प्रदान किए। निरीक्षण के दौरान विशेष कर्तव्य अधिकारी (सुरक्षा) जयंत राठौर, निशुल्क अन्नक्षेत्र प्रभारी मनीष तिवारी तथा उज्जैन विकास प्राधिकरण के उप अभियंत्री शैलेंद्र जैन उपस्थित रहे।