हिंदी और भोजपुरी फिल्मों के जाने-माने अभिनेता विनय आनंद आज धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल के चांदी द्वार से दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया।
महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी पंडित संजय गुरु और पंडित दिनेश शर्मा ने बताया कि विनय आनंद बाबा महाकाल के दर्शन करने के लिए उज्जैन आए थे। उन्होंने चांदी द्वार से बाबा महाकाल का पूजन-अर्चन किया और उनका आशीर्वाद लिया। अभिनेता पहले भी बाबा महाकाल के दर्शन कर चुके हैं। आज वे दर्शन के दौरान शिव भक्ति में लीन दिखाई दिए और नंदी हॉल में पहुंचकर ध्यान भी किया।
'हर प्रार्थना सुनते हैं बाबा महाकाल'
दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में विनय आनंद ने कहा कि बाबा महाकाल के दरबार में की गई हर प्रार्थना बाबा सुनते हैं। उन्होंने बताया कि 70 फिल्मों के बाद उनकी एक प्रार्थना यह थी कि वह हिंदी फिल्मों में भी काम करें। उनकी यह प्रार्थना बाबा महाकाल ने स्वीकार की और अब उनकी नई हिंदी फिल्म "एस ई पी विक्रांत के रूप में मकान" जल्द ही रिलीज होने वाली है।
ये भी पढ़ें- NHAI में कार अटैच कराने का झांसा देकर 50 गाड़ियां हड़पीं, डेढ़ करोड़ की 15 लग्जरी गाड़ियां बरामद
अभिनेता ने कहा, “उज्जैन नगरी देवों की नगरी है। यहां के सभी मंदिरों की अपनी अलग विशेषता है। मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे इस देवनगरी में आने का अवसर मिला और मैंने बाबा महाकाल के दर्शन किए। उज्जैन और मध्य प्रदेश सनातनी संस्कृति का गढ़ हैं।” इसके साथ ही उन्होंने जय श्री महाकाल का उद्घोष भी किया।