मंगलवार देर रात भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान और पीओके में नौ आतंकी ठिकानों को बर्बाद कर दिया। इस सफलता की खुशी सोशल मीडिया पर देखने को मिल रही है। वहीं, सांसद अनिल फिरोजिया ने उज्जैन में विभिन्न संगठनों, महिलाओं और युवतियों के साथ इस जश्न को कुछ अलग ही अंदाज में मनाया। इस दौरान पटाखे फोड़े गए, ढोल बजाए गए और तिरंगा झंडा लहराया गया।
ये भी पढ़ें:
आज शाम 4 से रात 8 बजे तक ब्लैकआउट और आपातकालीन अभ्यास, सायरन बजने पर जाने क्या करना होगा
दशहरा मैदान स्थित सांसद निवास पर महिला संगठनों की उपस्थिति में यह जश्न धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान उज्जैन-आलोट क्षेत्र के सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा कि आज वास्तव में हमारी सेना ने यह साबित कर दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो कहा था, वह कर दिखाया। पीएम मोदी ने जो कहा, वह पूरा हो चुका है। जो भी आतंकवादी हैं, उन्हें नेस्तनाबूद कर दिया गया है और घर में घुसकर मिटा दिया गया है। पहलगाम में जो हमला किया गया, उसका परिणाम वही हुआ, जिसकी देश की जनता अपेक्षा कर रही थी। ऑपरेशन सिंदूर ने पूरे देश को दीपावली की तरह एक उत्सव मनाने का अवसर दिया है। सिंदूर की कीमत भले ही पाकिस्तान न जानता हो, लेकिन इसका महत्व भारतवासी जरूर जानते हैं। इस खुशी के लिए भले ही हमें 15 दिनों तक इंतजार करना पड़ा, लेकिन पीएम मोदी ने यह साबित कर दिया कि 'मोदी है तो मुमकिन है'।
ये भी पढ़ें:
पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक के बाद एमपी में दिखा उत्साह, सीएम बोले-PM मोदी जो कहते हैं वह होता है
जश्न मना रही महिलाओं ने कहा- हमें पीएम मोदी पर पूरा भरोसा था, उन्होंने जो कहा वह पूरा किया। अब अगर ऐसा आतंक फैलाया गया, तो सबको मिट्टी में मिला दिया जाएगा। वहीं] कुछ महिलाओं ने यह भी कहा कि ऑपरेशन सिंदूर उन हिंदू महिलाओं को श्रद्धांजलि है, जिनका सिंदूर मुस्लिम आतंकवादियों ने पहलगाम में मिटा दिया था। इस दौरान कुछ लोगों ने कहा कि पीएम मोदी और सेना ने भारत से पहले पाकिस्तान में सायरन बजवा दिए।