उज्जैन शहरवासियों और देशभर से आने वाले पर्यटकों को जल्द ही एक नई सौगात मिलने जा रही है। उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए) द्वारा नानाखेड़ा क्षेत्र में सी-21 मॉल के समीप बड़े फूड जोन ‘नैवेद्य लोक’ का निर्माण अंतिम चरण में है। यह फूड जोन इंदौर के प्रसिद्ध ‘छप्पन दुकान’ की तर्ज पर विकसित किया गया है, जहां कुल 34 दुकानें होंगी।
फिलहाल प्रोजेक्ट में लाइटिंग सहित अन्य छोटे-मोटे कार्यों को अंतिम फिनिशिंग टच दिया जा रहा है, ताकि जल्द इसका उद्घाटन किया जा सके। करीब 7 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया यह उज्जैन का पहला संगठित फूड जोन होगा। इसके शुरू होते ही शहरवासियों के साथ-साथ भगवान महाकाल के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट और शुद्ध व्यंजन उपलब्ध हो सकेंगे।
नैवेद्य लोक को नो-व्हीकल जोन के रूप में विकसित किया गया है, जहां वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। आसपास पार्किंग की व्यवस्था की गई है। बच्चों और महिलाओं के बैठने के लिए विशेष स्थान के साथ ओपन स्पेस भी विकसित किया गया है। यहां रोजगार और व्यापार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
पढे़ं: आधी रात मिठाई की दुकान पर पहुंचे बाबा बागेश्वर, रसगुल्ले-रसमलाई खाकर दुकानदार को कर दिया भावुक
सुरक्षा के लिहाज से पूरे फूड जोन में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और स्पीकर सिस्टम भी स्थापित किया गया है। दुकानों के नंबर हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में लिखे गए हैं, ताकि सभी को आसानी हो। यहां मिलने वाले शुद्ध और सात्विक व्यंजन उज्जैन की धार्मिक और सांस्कृतिक छवि को और मजबूत करेंगे। नानाखेड़ा क्षेत्र अब पूरी तरह व्यावसायिक क्षेत्र के रूप में विकसित हो चुका है और फूड जोन के निर्माण से यहां आने वाले पर्यटकों को एक ही जगह विविध प्रकार के खान-पान की सुविधा मिलेगी।
यूडीए के सीईओ संदीप सोनी ने बताया कि यह प्रोजेक्ट कार्यपालन यंत्री कुलदीप रघुवंशी और सब इंजीनियर सुनील नागर की टीम द्वारा संचालित किया जा रहा है। यहां बनी दुकानों को पांच अलग-अलग कैटेगरी में डिजाइन किया गया है। कुछ दुकानें 8×14 फीट, कुछ 7×7 फीट, जबकि दो दुकानें 8×14 से बड़ी हैं। जल्द ही नैवेद्य लोक को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। इस प्रोजेक्ट का भूमिपूजन 9 सितंबर 2023 को तत्कालीन उच्च शिक्षा मंत्री एवं वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया गया था।