उज्जैन के बडनगर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने एक युवक को उसकी शादी से 8 दिन पहले दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किया है। एक युवती ने उसकी शादी का कार्ड देखकर दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई। एडिशनल एसपी मयूर खंडेलवाल ने बताया कि युवती ने रेप की शिकायत की है। उसका कहना है कि पिछले चार साल से आरोपी दीपक पिता जादूसिंह परिहार उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम पीरझलार उसके साथ दुष्कर्म कर रहा है। युवक ने तब दुष्कर्म किया था जब वह मात्र 16 साल की थी। इसके बाद शादी का झांसा देकर कईं बार दुष्कर्म किया। युवती ने पिछले दिनों दीपक की शादी का कार्ड देखा। वह 15 अप्रैल को किसी लड़की से शादी कर रहा है। जब युवती को उसके विवाह के बारे में पता चला तो उसने थाने पहुंचकर युवक के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज कर लिया। एएसपी खंडेलवाल ने बताया आरोपी दीपक के खिलाफ बीएनएस की धारा 64(2) (एम),137 (२), 87 सहित 51/6 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दीपक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धाराओं के अंतर्गत भी कार्रवाई की गई है क्योंकि जब पहली बार युवक ने दुष्कर्म किया था तब लडकी की उम्र मात्र 16 साल थी।
10 वीं क्लास से थी दोनो की दोस्ती
बताया जाता है कि स्कूल में कक्षा 10वीं की पढ़ाई के दौरान किशोर-किशोरी की दोस्ती हो गई। दोनों 11वीं कक्षा में आए तो फिजिकल रिलेशन बन गए। कॉलेज में आने तक दोनों के रिलेशन चलते रहे। स्कूल से दोनों कॉलेज में पहुंच गए। यहां भी दोनों एक ही क्लास में पढ़ते थे। करीब 4 सालों तक दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चलता रहा।
झूठा दिलासा दे रहा था दीपक
पिछले दिनों दीपक के परिजनों ने उसकी सगाई कर दी। युवती को इसकी जानकारी लगी तो उसने दीपक से संपर्क किया। वह बोला कि घर वालों ने दबाव बनाया था इस कारण सगाई कर ली लेकिन शादी तो तुम्हीं से करूंगा। उसके झांसे में युवती आ गई। लेकिन बात तब बिगड़ गई जब दीपक की शादी की तारीख 15 अप्रैल पक्की हो गई। उसके परिजन ने शादी की पत्रिकाएं छपवाकर बांटना शुरू कर दी। युवती फिर दीपक के पास पहुंची और कहा दूसरी लडकी से शादी करने पर नाराजगी जताई। हालांकि दीपक इस दौरान भी युवती को उससे ही शादी करने की बात करता रहा।