उमरिया जिले के पाली नगर में स्थित मां बिरासिनी देवी मंदिर में नवरात्रि के अंतिम दिन आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। रविवार को मंदिर में विशेष महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मां के जयकारे लगाए। महाआरती के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्ति भाव से गूंज उठा और दीपों की रोशनी से मंदिर का वातावरण अत्यंत दिव्य प्रतीत हो रहा था। आरती समाप्त होने के बाद भगत कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें भक्त मां का गुणगान करते नजर आए।
मां बिरासिनी देवी के प्रति श्रद्धालुओं की अपार भक्ति को देखते हुए आज नगर में ऐतिहासिक जवारा जुलूस निकाला जाएगा। इस जुलूस में एक हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति ने जुलूस की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। जुलूस में पारंपरिक परिधान में सजे भक्तगण, ढोल-नगाड़ों की धुन पर मां के जयकारे लगाते हुए नगर भ्रमण करेंगे। जवारा कलशों के साथ निकाले जाने वाले इस जुलूस की शोभा देखते ही बनती है।
ये भी पढ़ें- नगर में श्री राम जन्मोत्सव की धूम, निकली शोभायात्रा और झांकियां, देर रात तक झूमें श्रद्धालु
पाली नगर में नवरात्रि के इस अंतिम दिन पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। मंदिर से लेकर नगर की गलियों तक रोशनी और सजावट की भव्य छटा बिखर रही है। मां बिरासिनी देवी का मंदिर नवरात्रि के दौरान विशेष रूप से सजा-धजा रहता है और यहां दूर-दूर से श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए आते हैं। ऐसी मान्यता है कि नवरात्रि में मां बिरासिनी की उपासना करने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
ये भी पढ़ें- भाजपा का गांव-बस्ती चलो अभियान आज से, कार्यकर्ता गांवों, मोहल्लों और सेवा बस्तियों का दौरा करेंगे
नगरवासियों और श्रद्धालुओं की गहरी आस्था इस आयोजन को और भी भव्य बना रही है। श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए मंदिर में लंबी कतारों में खड़े दिखे, जहां भजन-कीर्तन और मां के जयकारों से पूरा वातावरण गूंजायमान हो रहा था। मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ कन्या पूजन और भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पाली नगर का यह आयोजन केवल स्थानीय नहीं, बल्कि आसपास के गांवों और शहरों के श्रद्धालुओं के लिए भी आस्था और भक्ति का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। नवरात्रि समापन के इस विशेष पर्व पर हर कोई मां बिरासिनी के दिव्य रूप के दर्शन कर स्वयं को धन्य मान रहा है।
इस ऐतिहासिक जवारा जुलूस के माध्यम से आस्था, संस्कृति और परंपरा का अद्वितीय संगम देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ मां के प्रति अपनी भक्ति व्यक्त कर रहे हैं और यह आयोजन भक्तों के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्वितीय स्रोत बना हुआ है। मां बिरासिनी देवी का यह जुलूस नवरात्रि समापन के साथ भक्ति और आस्था की नई मिसाल पेश कर रहा है।