अजमेर पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग ऐप और अवैध गेमिंग साइट के जरिए लोगों से साइबर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लैपटॉप, छह मोबाइल फोन, तीन मोबाइल चार्जर, दो एक्सटेंशन बोर्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और सरगना की तलाश की जा रही है।
साइबर ठगी पर लगाम लगाने के लिए चलाया जा रहा था विशेष अभियान
पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि जिले में लगातार बढ़ रही साइबर ठगी और ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से हो रही धोखाधड़ी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस महानिरीक्षक, अजमेर रेंज, राजेंद्र सिंह के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
मुखबिर की सूचना पर किराए के मकान में दी दबिश
एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि 13 जुलाई 2026 की रात रामगंज थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के न्यू चंद्र नगर स्थित विनायक पथ पर एक किराए के मकान में ऑनलाइन गेमिंग और सट्टे के नाम पर लोगों से ठगी की जा रही है। सूचना की पुष्टि होने के बाद रामगंज थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने नियमानुसार मकान पर दबिश दी।
कई उपकरण जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से तीन युवकों को हिरासत में लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी अवैध ऑनलाइन गेमिंग साइट पर लॉगिन आईडी और पासवर्ड के जरिए संचालन कर रहे थे तथा सूचना एवं संचार तकनीक का दुरुपयोग कर लोगों से धोखाधड़ी कर अनुचित आर्थिक लाभ कमा रहे थे। पुलिस ने मौके से एक लैपटॉप, छह मोबाइल फोन, तीन मोबाइल चार्जर और दो एक्सटेंशन बोर्ड बरामद किए।
नागौर के तीन आरोपी गिरफ्तार, सरगना की तलाश जारी
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी रामाकिशन को उसके सरगना ने ऑनलाइन गेमिंग साइट संचालित करने के लिए लॉगिन आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराए थे। वह किराए के मकान से लैपटॉप और मोबाइल फोन की मदद से गेमिंग प्लेटफॉर्म संचालित कर लोगों को झांसे में लेकर ठगी करता था। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और इसके सरगना की तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ें:
रातोंरात कैसे जमींदोज हुआ गैंगस्टर रोहित गोदारा का मकान? प्रशासन के इंकार के बाद उठे कई सवाल
डिजिटल साक्ष्यों से खुल सकते हैं कई और राज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रामगंज थाने में प्रकरण संख्या 237/2026 दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच आदर्श नगर थाना प्रभारी ओमप्रकाश कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जब्त किए गए डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और ठगी के नेटवर्क को लेकर कई अहम खुलासे होने की संभावना है।