राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की ओर से आयोजित सब-इंस्पेक्टर (एसआई) भर्ती परीक्षा आज अजमेर जिले में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। जिलेभर में बनाए गए 64 परीक्षा केंद्रों पर 40 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
परीक्षा दो चरणों और दो पारियों में आयोजित की जा रही है। पहले चरण में आज करीब 20 हजार अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। पहली पारी सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित हो रही है, जबकि दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह के साथ-साथ तनाव भी देखने को मिल रहा है।
सुबह से ही सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली। दूर-दराज इलाकों से पहुंचे परीक्षार्थी समय से पहले केंद्रों पर पहुंच गए, जिससे कई स्थानों पर लंबी कतारें लग गईं। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सख्ती से जांच की जा रही है। पुलिस और प्रशासन की ओर से मेटल डिटेक्टर के माध्यम से तलाशी लेने के बाद ही अभ्यर्थियों को अंदर प्रवेश दिया जा रहा है।
पढ़ें- Rajasthan News: नागौर में SI भर्ती परीक्षा से पहले हंगामा, पुलिस-स्टाफ विवाद से अभ्यर्थियों की एंट्री रुकी
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। जिलेभर में 800 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया गया है। अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल की घटना न हो सके।
प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ आयोजित किया जा रहा है। अभ्यर्थियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न हो सके।