राजस्थान में कई जिलों में भारी बारिश का असर दिख रहा है। अलवर जिले में बीती रात करीब 12:30 बजे से लगातार बारिश हो रही है। करीब 11 घंटे से कभी तेज तो कभी मध्यम बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। बारिश से सिलीसेढ़ बांध भर गया और उसकी चादर चल पड़ी। अब यहां से पानी जयसमंद बांध में पहुंचना शुरू हो गया है।
अस्पताल में पानी भरने से मरीजों को परेशानी
लगातार हो रही बारिश ने अलवर शहर के सामान्य चिकित्सालय को भी नहीं बख्शा। अस्पताल परिसर में पानी का इतना जमाव हो गया कि मरीजों और डॉक्टरों को गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ट्रॉमा सेंटर से मरीजों को ऑपरेशन थिएटर तक ले जाना मुश्किल हो गया। अस्पताल के सुरक्षा गार्ड ने बताया कि परिसर में पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। पूरा अस्पताल पानी से लबालब भरा हुआ है और बारिश थमने के बाद भी पानी निकलने में दो से तीन घंटे लग सकते हैं।
यह भी पढ़ें- Weather: करौली में मूसलाधार बारिश से जनजीवन बेहाल; बांधों और नदियों का जलस्तर बढ़ा, कई गांवों का संपर्क टूटा
सड़कें बनी दरिया, यातायात ठप
तेज बारिश से अलवर शहर की सड़कें दरिया बन गईं। घंटाघर, बिजलीघर चौराहा, एसएमडी सर्किल, होप सर्कस और अन्य प्रमुख बाजारों व चौराहों पर पानी भर गया। इससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। लोग कीचड़ और गंदे पानी में फंस गए। कई वाहन बीच सड़क पर ही रुक गए और लोगों को पैदल निकलने में भारी परेशानी उठानी पड़ी।
व्यापार और दैनिक जीवन पर असर
बारिश का असर शहर के व्यापार पर भी पड़ा। बाजारों में पानी भरने से ग्राहकों का आना-जाना बंद हो गया, जिससे कारोबार प्रभावित हुआ। दुकानदारों ने बताया कि लगातार पानी भरे रहने से ग्राहकों की आवाजाही पर असर पड़ता है और व्यापार ठप हो जाता है।
नालों की सफाई पर सवाल, नगर निगम पर नाराजगी
शहरवासियों ने नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि हर साल मानसून से पहले नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की बात होती है, लेकिन हकीकत में केवल कागजी काम होते हैं। बारिश शुरू होते ही नालियां उफान पर आ जाती हैं और गंदा पानी सड़कों पर फैल जाता है।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Weather: लंबे इंतजार के बाद बारिश ने दी दस्तक, फसलों को मिला जीवनदान; नागौर में भी जी भर बरसे बदरा
सिलीसेढ़ बांध छलका, लोगों में खुशी
लगातार बारिश से सिलीसेढ़ बांध पूरी तरह भर गया और उसकी चादर चलने लगी। यह नजारा देखने के लिए आसपास के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। लंबे समय से लोग इस पल का इंतजार कर रहे थे। अब इस बांध से जयसमंद बांध में भी पानी पहुंचना शुरू हो गया है, जिससे पानी की स्थिति और बेहतर होने की उम्मीद है।