आगामी नगर निकाय एवं पंचायत चुनावों की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने राजस्थान में संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बांसवाड़ा जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में संगठन जिला प्रभारी लालसिंह झाला, जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह बामनिया और पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीया की मौजूदगी में बैठक आयोजित की गई। बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, सक्रिय कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने और संभावित उम्मीदवारों के चयन को लेकर चर्चा हुई।
संगठन जिला प्रभारी लालसिंह झाला ने भाजपा सरकार पर स्थानीय विकास और ग्रामीण रोजगार के मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मनरेगा सहित ग्रामीण रोजगार योजनाओं के नाम बदलने से जमीनी स्थिति नहीं बदली है। ग्रामीणों को रोजगार मिलने में दिक्कतों के साथ स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक कुप्रबंधन की स्थिति भी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद नौकरशाही का प्रभाव बढ़ा है, जिससे आमजन के काम प्रभावित हो रहे हैं।
पढे़ं: निकाय चुनाव से पहले 183 RAS अफसरों के तबादले, CM के OSD योगेश श्रीवास्तव और RAS एसोसिएशन अध्यक्ष महावीर खराड़ी भी बदले
जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह बामनिया ने कहा कि आगामी चुनावों में संगठन की मजबूती सबसे महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि निष्ठावान और ईमानदार कार्यकर्ता ही पार्टी की वास्तविक ताकत हैं। टिकट वितरण में लंबे समय से पार्टी की विचारधारा से जुड़े और संगठन के लिए लगातार काम करने वाले कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। सभी दावेदारों से फीडबैक लेकर योग्य और जीतने की क्षमता रखने वाले उम्मीदवार का चयन किया जाना चाहिए।
पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीया ने चुनावों में युवाओं को अधिक अवसर देने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी बढ़ने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और जमीनी स्तर पर कांग्रेस और मजबूत होगी। नानालाल निनामा ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। रमीला खड़िया ने कहा कि टिकट किसी एक व्यक्ति को मिलेगा, लेकिन अधिकृत प्रत्याशी को जिताने की जिम्मेदारी पूरे संगठन की होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर चुनाव लड़ने का आह्वान किया।
बैठक को अब्दुल गफ्फार, राजेश टेलर, कृष्णपाल सिंह सिसोदिया, हंसमुख सेठ, संगठन महासचिव मनीष एन. त्रिवेदी और एडवोकेट इमरान खान पठान सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।