नया तालाब रोड पर 19 जून की रात हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए रामसागड़ा थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया गया है। गिरफ्तार मुख्य आरोपी थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जो पुलिस से बचने के लिए अपने साथी के साथ महिला का वेश धारण कर जंगलों में छिपा हुआ था।
पुलिस के अनुसार, पीयूष नामक युवक अपनी साली के साथ जगाबोर से नया तालाब गांव मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गामड़ी अहाड़ा गांव के पास तीन बदमाशों ने उनका पीछा कर रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट की और मोबाइल फोन तथा नकदी लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार की गई तलाश के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनका पीछा शुरू किया। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी कावा उर्फ कावालाल और उसका साथी टिंकू गिरफ्तारी से बचने के लिए महिलाओं के कपड़े पहनकर रातापानी और कुड़ियागुण के घने जंगलों में ठिकाने बदल-बदलकर रह रहे थे। मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया गया।
पढ़ें: मृत मानकर नौकरी दी, पेंशन देने में क्यों पीछे? वारिसों को पेंशन न मिलने पर हाईकोर्ट सख्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और धारदार चाकू बरामद किए हैं। मुख्य आरोपी कावा रामसागड़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ मारपीट, पॉक्सो एक्ट समेत पांच गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और अन्य संभावित वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।