जिले के गढ़ी थाना क्षेत्र के परतापुर कस्बे में नेपाली कुक पर हुए जानलेवा हमले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। रोटी के विवाद में तीन युवकों ने पहले होटल में काम करने वाले कुक से मारपीट की और फिर देर रात वापस आकर उसके गले पर चाकू से वार कर फरार हो गए। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि नेपाली युवक प्रेम पिछले दो वर्षों से परतापुर कस्बे में गढ़ी थाना से लगभग एक किलोमीटर दूर एक होटल में कुक का काम कर रहा था। सोमवार सुबह जब होटल मालिक नरेश राठौड़ होटल पहुंचे तो उन्होंने प्रेम को खून से लथपथ हालत में पाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। प्रेम के गले, जबड़े और हाथ में गंभीर चोटें थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बांसवाड़ा जिला अस्पताल लाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे उदयपुर रैफर कर दिया गया। हमले की जानकारी मिलने पर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला स्वयं मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
ये भी पढ़ें: Sikar Weather: सीकर में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, जलभराव ने खोली प्रशासन की पोल
गढ़ी थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि एसपी के निर्देश पर गढ़ी, अरथूना, सल्लोपाट, घाटोल, लोहारिया, सज्जनगढ़ और कलिंजरा थानों की संयुक्त टीम गठित की गई। मुखबिरों को सक्रिय कर जांच शुरू की गई, जिसके बाद तीन आरोपियों अजय डोडियार, ऋतिक निनामा और जुनैद (निवासी उदयपुर, हाल निवासी मोरड़ी) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि एक जून की रात वे होटल पर रोटी लेने गए थे, जहां कुक प्रेम से उनका विवाद हो गया। पहले तीनों ने मिलकर कुक से मारपीट की और बाद में रात करीब एक बजे फिर लौटकर उसके गले पर चाकू से हमला कर दिया और फरार हो गए। फिलहाल घायल प्रेम का इलाज उदयपुर में चल रहा है।