बाड़मेर जिले में एक युवक से कथित तौर पर धोखाधड़ी कर एक किलो सोना हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने एक दंपती और उनके परिचित समेत तीन लोगों पर विश्वास में लेकर सोना हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार, उसे करीब दो करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित अंकित कुमार ने कोतवाली थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि करीब सात-आठ महीने पहले कच्छ (गुजरात) निवासी अजीम कारा बफन का फोन आया था। उसने कहा कि यदि गौतम सिंह निवासी बालेसर सोना लेने आए तो उसकी गारंटी पर सोना दे देना। इसके बाद 27 फरवरी 2026 को गौतम सिंह अपनी पत्नी मनीषा के साथ अंकित के घर पहुंचे। दोनों से पहले से परिचय होने और अजीम की गारंटी पर भरोसा करते हुए अंकित ने सराफा कारोबार के तहत तीन महीने के लिए 100-100 ग्राम के 10 बिस्कुट, यानी कुल 1000 ग्राम सोना उन्हें दे दिया।
पढ़ें: दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर, तीन युवकों की मौत, एक गंभीर घायल जोधपुर रेफर
पीड़ित का आरोप है कि गौतम सिंह, उसकी पत्नी मनीषा और अजीम कारा बफन ने साजिश के तहत एक किलो सोना हड़प लिया। तय समय बीतने के बाद भी न तो सोना लौटाया गया और न ही कोई संतोषजनक जवाब दिया गया। इसके बाद उसने कोतवाली थाने में धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कराया।
कोतवाली थानाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि बाड़मेर निवासी अंकित कुमार की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने व्यापार में निवेश कर मुनाफा कमाने का भरोसा देकर एक किलो सोना लिया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।