बाड़मेर जिले में शनिवार को आईपीएस चुनाराम जाट ने पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण किया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान एएसपी नितेश आर्य ने उनकी अगुवानी की और पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ औपचारिक रूप से पदभार संभाला।
तबादले के बाद नई नियुक्ति
हाल ही में हुए आईपीएस तबादलों के तहत पूर्व एसपी नरेंद्रसिंह मीना का तबादला हनुमानगढ़ जिले में किया गया था। उनके स्थान पर चुनाराम जाट की नियुक्ति की गई। इस बीच कुछ दिनों तक एएसपी नितेश आर्य कार्यवाहक एसपी के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे थे।
नशे के खिलाफ कार्रवाई पर जोर
पदभार ग्रहण के बाद मीडिया से बातचीत में चुनाराम जाट ने कहा कि बाड़मेर में नशे की समस्या एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व में नशे के खिलाफ हुई कार्रवाई को आगे भी जारी रखा जाएगा। इसके लिए विशेष टीम बनाकर काम किया जाएगा, ताकि युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखा जा सके।
साइबर क्राइम और सीमा क्षेत्र की चुनौती
उन्होंने कहा कि बाड़मेर एक अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़ा जिला है, जहां साइबर क्राइम भी एक प्रमुख चुनौती बनकर सामने आया है। इस दिशा में साइबर टीम को प्रशिक्षित किया जाएगा और आम लोगों में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। साथ ही साइबर फ्रॉड में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही गई।
पढ़ें- Rajasthan Crime: फलौदी में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, तीन हमलावर फरार; पूर्व CM गहलोत ने उठाए सवाल
पूर्व एसपी के कार्यकाल का उल्लेख
निवर्तमान एसपी नरेंद्रसिंह मीना के करीब 25 महीने के कार्यकाल के दौरान जिले में नशे के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाई की गईं, जिनमें 5-6 एमडी फैक्टरी का भंडाफोड़ भी शामिल रहा। उनकी कार्यशैली और कार्रवाई के चलते उन्होंने जिले में अपनी अलग पहचान बनाई।
13 मार्च को नरेंद्रसिंह मीना का तबादला हनुमानगढ़ किया गया था। इसके बाद जारी तबादला सूची में बदलाव करते हुए उनकी जगह चुनाराम जाट को बाड़मेर का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया।