सामाजिक एकता और सादगीपूर्ण विवाह की मिसाल पेश करते हुए खत्री सामूहिक विवाह संस्थान, बाड़मेर की ओर से रविवार को समाज का छठा सामूहिक विवाह महोत्सव बड़े ही धूमधाम और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कुशल वाटिका में संपन्न हुआ। इस समारोह में 19 जोड़े अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लेकर एक-दूजे के जीवनसाथी बने।
मीडिया प्रभारी कन्हैयालाल डलोरा ने जानकारी देते हुए बताया कि खत्री समाज द्वारा आयोजित यह सामूहिक विवाह समारोह समाज के दानदाताओं, भामाशाहों और समाजबंधुओं के सहयोग से संभव हुआ। आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में व्यर्थ खर्च और दिखावे की परंपरा को समाप्त करते हुए सादगीपूर्ण विवाह की परंपरा को बढ़ावा देना है।
समाजबंधुओं ने संभाली तैयारियां, आकर्षक रहा आयोजन स्थल
कार्यक्रम के दौरान विवाह स्थल को सुंदर व आकर्षक ढंग से सजाया गया। समाज बंधुओं द्वारा मंडप, पांडाल, बारात स्वागत, प्रीतिभोज और उपहारों की व्यवस्थाएं पूरी जिम्मेदारी से निभाई गईं। विवाह के लिए वस्त्र, आभूषण, घरेलू उपयोग की वस्तुएं और उपहार सामग्री समाज के भामाशाहों द्वारा नवदम्पतियों को भेंट की गईं। दोपहर में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ 19 मंडपों में एक साथ विवाह संपन्न हुए। हजारों की संख्या में समाजजन, नगरवासी और आमंत्रित अतिथिगण इस ऐतिहासिक सामूहिक विवाह समारोह के साक्षी बने। शाम को नवविवाहित जोड़ों को समाजजन व परिजनों ने उपहारों के साथ विदाई दी।
जनप्रतिनिधि बोले- यह आयोजन समाज के लिए प्रेरणास्रोत
इस अवसर पर शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी, बाड़मेर विधायक प्रियंका चौधरी, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष स्वरूप सिंह खारा एवं पीसीसी सचिव आजाद सिंह राठौड़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके मंगलमय जीवन की कामना की। विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने कहा कि आधुनिक दौर में जब शादियां दिखावे और खर्च की प्रतिस्पर्धा बनती जा रही हैं, ऐसे में सामूहिक विवाह आयोजन समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। इससे फिजूलखर्ची पर रोक लगती है और सामाजिक एकता को बल मिलता है।
ये भी पढ़ें- दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे ड्रीम प्रोजेक्ट बना मौत का हाईवे, अब तक 250 से ज्यादा लोग गंवा चुके जान
भारतीय सनातन संस्कृति के संरक्षण का प्रतीक
पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष स्वरूप सिंह खारा ने कहा कि सामूहिक विवाह भारतीय सनातन संस्कृति के संरक्षण का प्रतीक हैं। डिजिटल युग में जहां परिवारों में संवाद कम हो रहा है, ऐसे आयोजन समाज में भाईचारा और एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन प्रारंभ में कठिन लगते हैं, लेकिन जब समाज एकजुट होता है तो इतिहास रचता है विधायक प्रियंका चौधरी ने समाज को इस प्रेरणादायक पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि अन्य समाजों को भी इससे सीख लेकर सादगीपूर्ण विवाह परंपरा को बढ़ावा देना चाहिए।कांग्रेस नेता आजाद सिंह राठौड़ ने भी कार्यक्रम में शिरकत कर नवदम्पतियों को शुभकामनाएं दीं और आयोजकों को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।