बाड़मेर जिले में राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड जयपुर की ओर से 17 अगस्त को दो पारियों में पटवारी सीधी भर्ती परीक्षा- 2025 का आयोजन होगा। इसके लिए बाड़मेर जिला प्रशासन समुचित तैयारियां सुनिश्चित करने में जुटा हुआ है। इस क्रम में गुरुवार को बाड़मेर जिला मुख्यालय पर स्थिति भगवान महावीर टाउन हॉल में पटवारी सीधी भर्ती परीक्षा 2025 के लिए नियुक्त अधिकारियों कार्मिकों एवं वीक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिसमें परीक्षा के संबंध में जानकारी देते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। साथ ही किसी भी परीक्षार्थी को मोबाइल या अन्य किसी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रत्येक केंद्र पर पर्यवेक्षक भी केन्द्रों का बारीकी से पर्यवेक्षण करने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं परीक्षा समन्वयक राजेन्द्र सिंह चांदावत ने गुरुवार को भगवान महावीर टाउन हॉल में सतर्कता दल, उप समन्वयक, केंद्र अधीक्षक, पर्यवेक्षक, सहायक केंद्र अधीक्षक, वीक्षको के प्रशिक्षण के दौरान कहा कि जिले में 17 अगस्त को आयोजित होने वाली पटवारी भर्ती परीक्षा के दौरान राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करवाएं, ताकि परीक्षा का निष्पक्ष एवं सफल आयोजन किया जा सके।
ये भी पढ़ें-
'सच्चे योद्धा थे पिता... बेटी ने डुबो दिया नाम', डिप्टी सीएम पर गुढ़ा का तंज, क्यों कही ये बात
चांदावत ने कहा कि बाड़मेर जिले में पटवारी सीधी भर्तीे परीक्षा-2025 रविवार को प्रथम पारी में प्रातः 9 से दोपहर 12 बजे एवं दूसरी पारी में दोपहर 3 से सायं 6 बजे तक आयोजित होगी। इस दौरान 16 परीक्षा केंद्रों पर 5016 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसमें 13 राजकीय परीक्षा केंद्रों पर 3480 एवं तीन निजी परीक्षा केंद्रों पर 1560 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षा हॉल में प्रवेश के लिए परीक्षार्थी को एडमिट कार्ड के साथ वैध फोटो पहचान पत्र और हाल की पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य होगा। परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच और अन्य किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले पहुंचना होगा। परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले गेट बंद कर दिए जाएंगे, जिसके बाद किसी भी उम्मीदवार को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने पटवारी परीक्षा संबंधित व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए जोधपुर डिस्काम, रेलवे एवं रोडवेज की ओर से आवाजाही के लिए समुचित इंतजाम सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान यूआईटी सचिव श्रवणसिंह राजावत, उपखंड अधिकारी यथार्थ शेखर, संस्थापन अधिकारी हस्तीमल राठौड़ समेत विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।