NEET पेपर लीक मामले और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की कथित गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार को बीकानेर जिला मुख्यालय पर कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर उनके इस्तीफे की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की गई।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, युवाओं के भविष्य का मुद्दा उठाया
प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस के प्रदेश सचिव रामनिवास कूकणा ने किया। उन्होंने कहा कि NEET पेपर लीक प्रकरण ने देशभर के लाखों छात्रों और युवाओं के भविष्य पर गंभीर असर डाला है। उनका आरोप था कि अपनी मांगों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण तरीके से एकत्रित हुए छात्रों और युवाओं की आवाज सुनने के बजाय केंद्र सरकार ने बल प्रयोग का रास्ता अपनाया। उन्होंने कहा कि छात्रों के समर्थन में राहुल गांधी द्वारा किए गए शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन पर भी कार्रवाई की गई, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान से ड्रोन में आती थी हथियारों की खेप: फुट सोल्जर करते थे रिसीव; भारत की इस जेल से जुड़ें हैं तार
सरकार पर छात्रों की अनदेखी का आरोप
रामनिवास कूकणा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार युवाओं और छात्रों के हितों की लगातार अनदेखी कर रही है। इसी वजह से देशभर के छात्रों और युवाओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों की आवाज बुलंद करने के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग उठाती रहेगी।
शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरा
एनएसयूआई शहर जिलाध्यक्ष हरीराम गोदारा ने कहा कि शिक्षा और रोजगार जैसे अहम मुद्दों पर केंद्र सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं के साथ किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
पुतला दहन कर की निष्पक्ष जांच की मांग
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कृष्ण कुमार गोदारा, मोहित सैन, राकेश चांगरा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ता मौजूद रहे।