केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता आज भी उस जंगलराज, गुंडाराज और माफिया राज के दौर को नहीं भूली है, जिसका दर्द उनके दिल और दिमाग में अब तक कायम है। शेखावत का कहना है कि इस बार भी बिहार की जनता सुशासन और विकास के लिए एनडीए गठबंधन को ही प्रचंड बहुमत से विजयी बनाएगी।
‘बिहार में परिणाम पहले से सुनिश्चित’
जोधपुर प्रवास के दौरान पत्रकारों से बातचीत में केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि बिहार में चुनाव परिणाम पहले से तय है। उन्होंने कहा कि चुनाव घोषित होने से पहले ही बिहार में परिणाम सुनिश्चित था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए गठबंधन को बिहार की जनता ने पहले भी भरोसा दिया है और इस बार भी देगी। बिहार की जनता ने सुशासन और विकास को अपने जीवन में महसूस किया है। उन्होंने आगे कहा कि बिहार के लोग अब स्थायी विकास चाहते हैं, इसलिए वे मोदी, नीतीश कुमार और एनडीए के साथ खड़े हैं।
कांग्रेस गठबंधन पर तीखा हमला
कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर निशाना साधते हुए शेखावत ने कहा कि एक ऐसी पार्टी जिसके सहयोगी ही उसे गंभीरता से नहीं लेते, उससे जनता क्या उम्मीद करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस गठबंधन में टिकट बंटवारे को लेकर घमासान मचा हुआ है। जब उनके ऑब्जर्वर बिहार पहुंचते हैं तो नारे लगते हैं कि ‘टिकट चोर वापस जाओ!’ ऐसी पार्टी किसी को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करे तो उसका क्या राजनीतिक वजूद रहेगा? शेखावत ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए ने बिहार को सुशासन और विकास दोनों दिए हैं और जनता उसी अनुभव के आधार पर निर्णय करेगी।
यह भी पढ़ें- घर में जिंदा जले भाई: सुबह अचानक भीषण आग की लपटों में घिरा मकान, दो लोगों की मौके पर मौत; तीसरा गंभीर
अशोक गहलोत पर भी साधा निशाना
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बिहार चुनाव में प्रचार को लेकर पूछे गए सवाल पर शेखावत ने तंज कसा कि वो गुजरात गए थे, वहां कितना जादू चला, सब जानते हैं। अब बिहार से नया सर्टिफिकेट लेकर लौटेंगे। उन्होंने कहा कि गहलोत जब भी मुख्यमंत्री बने, हमेशा किसी और के चेहरे को आगे कर या बाद में हटा कर मुख्यमंत्री बने। उन्हें ‘जादू’ सिर्फ इसी बात का आता है। बिहार में उनके उस जादू का कोई असर नहीं होगा।
‘बिहार विकास और सुशासन के साथ है’
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बिहार ने पिछले वर्षों में विकास का नया परिदृश्य देखा है। जनता अब माफिया राज नहीं, बल्कि स्थायी विकास चाहती है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता सुशासन और विकास के साथ है और इस बार भी एनडीए को भारी बहुमत देगी।
यह भी पढ़ें- Barmer News: मेडिकल कॉलेज में SDM पर डॉक्टर से दुर्व्यवहार का आरोप, भ्रष्टाचार जांच के लिए पहुंची थी टीम