कोटपुतली-बहरोड़ जिले के बहरोड़ रीको औद्योगिक क्षेत्र में रविवार शाम करीब 6 बजे एक कपड़ा फैक्टरी में अचानक भीषण आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी फैक्टरी धू-धू कर जलने लगी। लपटें इतनी तेज थीं कि दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं, जबकि आसमान काले धुएं से भर गया और पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही बहरोड़ दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। हालात की गंभीरता को देखते हुए नीमराणा से भी अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। फैक्टरी में रखे कपड़े और अन्य ज्वलनशील सामग्री के चलते आग तेजी से फैलती रही, जिससे बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
डीएसपी सचिन शर्मा ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र स्थित अरविंद इंडस्ट्रीज में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया। सुरक्षा के मद्देनजर फैक्टरी के पास लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई।
पढ़ें- Kotputli-Behror News: दिल्ली-जयपुर हाईवे पर अधेड़ को वाहन ने मारी टक्कर, हुई मौत; आरोपी चालक गाड़ी लेकर फरार
घटना के समय फैक्टरी में मौजूद कर्मचारियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग में लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया, जिससे फैक्टरी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
आग लगने के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फैक्टरी प्रबंधन से जानकारी जुटाई जा रही है।