राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के दिल्ली मार्ग पर परिवहन विभाग की विशेष टीम ने रविवार रात से सोमवार सुबह तक सघन जांच अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। अभियान के दौरान कर बकाया, ओवरलोडिंग और नियमों के उल्लंघन में 62 वाहनों को जब्त किया गया, जबकि विभिन्न मदों में करीब एक करोड़ रुपये के राजस्व की वसूली की गई।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत चलाए गए इस विशेष अभियान में कोटपुतली, बहरोड़, नीमराना और शाहजहांपुर सहित विभिन्न स्थानों पर टीमों ने हाईवे पर गुजरने वाले वाहनों की गहन जांच की। कार्रवाई की शुरुआत शाहजहांपुर टोल प्लाजा क्षेत्र से की गई, जो देर रात से लेकर सुबह तक लगातार जारी रही।
कार्यवाहक जिला परिवहन अधिकारी राजेश चौधरी ने बताया कि अभियान के दौरान कर बकाया वाले वाहन, ओवरलोड ट्रक, अनाधिकृत रूप से परिवर्तित वाहन, बॉडी में अवैध संशोधन और अपवंचना से जुड़े मामलों पर विशेष फोकस रखा गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें जब्त किया गया और संबंधित चालान भी काटे गए।
उन्होंने बताया कि मौके पर ही 70 से 80 लाख रुपये तक की राशि की तत्काल वसूली की गई, जबकि डिटेक्शन चालान, ई-रवन्ना बकाया और अन्य लंबित प्रकरणों को जोड़ते हुए कुल वसूली करीब एक करोड़ रुपये तक पहुंच गई।
पढ़ें: राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय, सात जिलों में आज आंधी-बारिश के आसार; जानें
इस दौरान हाईवे पर चल रहे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया और कई वाहन चालक जांच से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों की तलाश करते नजर आए। विभाग की सख्ती को देखते हुए कई चालकों ने मौके पर ही बकाया कर जमा कराया।
यह कार्रवाई प्रादेशिक परिवहन अधिकारी (जयपुर द्वितीय) धर्मेंद्र कुमार के निर्देशन में की गई। अभियान में जिला परिवहन अधिकारी संजय शर्मा, मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम शामिल रही।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और राजस्व संरक्षण को ध्यान में रखते हुए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि नियमों की अवहेलना करने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।