लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की पत्नी अमिता बिरला तथा उनके परिवार के सदस्यों ने शनिवार शाम सवाई माधोपुर जिले के चौथ का बरवाड़ा कस्बे स्थित प्रसिद्ध चौथ माता मंदिर में पहुंचकर दर्शन किए। अमिता बिरला अपने अन्य परिवार जनों के साथ चौथ का बरवाड़ा पहुंचीं, जहां उन्होंने सीढ़ियां चढ़कर मंदिर में प्रवेश किया और चौथ माता के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने देश और प्रदेश की खुशहाली के लिए मनोकामना भी की।
दर्शन के बाद अमिता बिरला ने चौथ माता मंदिर ट्रस्ट द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने मंदिर तक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोपवे बनाने की आवश्यकता भी जताई।
इस अवसर पर चौथ माता धर्मशाला में पंचायत समिति सदस्य शीतल पहाड़िया और भाजपा कार्यकर्ताओं ने अमिता बिरला सहित उनके परिवार के अन्य सदस्यों का स्वागत किया और उन्हें चौथ माता की तस्वीर भेंट की। वहीं, चौथ माता ट्रस्ट के सदस्यों ने अमिता बिरला को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में जयपुर और सवाई माधोपुर के बीच मेमो ट्रेन चलाने तथा रेल सेवाओं के विस्तार की मांग की गई।