सिरोही जिले के आबूरोड में द उम्मेद इंटरनेशनल स्कूल में गुरुवार से 68वीं राज्यस्तरीय रायफल शूटिंग प्रतियोगिता का समारोहपूर्वक शुभारंभ हो गया। जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित द्वारा इसका विधिवत उद्घाटन किया गया। प्रतियोगिता में 38 जिलों के 534 बालक-बालिकाएं सम्मिलित हुए हैं।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि अर्जुनराम पुरोहित का कहना था कि खेल को खेल की भावना से खेलना चाहिए। नवीन तकनीकी के खेल में आगे बढ़ने का एक अवसर है जिसे अपने लक्ष्य पर ध्यान रखते हुए आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा है। ऐसे में खिलाड़ियों को सदैव बेहतर प्रदर्शन कर अपनी छिपी प्रतिभा को बाहर लाने के लिए पूरी ताकत झोंकनी होगी।
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी हीरालाल माली ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए निर्णायकों को निष्पक्ष निर्णय देने के निर्देश दिए। विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व जिला प्रमुख पायल परसरामपुरिया ने कहा कि सर्वांगीण विकास के लिए बालकों को नियमित रूप से खेल खेलना चाहिए। यही वह माध्यम होता है जिससे शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास होता है। आज के तकनीकी युग में आगे बढ़कर ओलंपिक खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना और स्वागत गीत से हुआ। इस दौरान महात्मा गांधी विद्यालय की बालिकाओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। द उम्मेद इंटरनेशनल स्कूल के बालकों द्वारा हॉर्स राइडिंग का करतब दिखाया गया, जिससे पूरा पंडाल तालियों की गूंज से गूंज उठा। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) विपिन डाबी ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के 38 जिलों के 534 बालक-बालिकाएं भाग ले रहे हैं। आयोजक विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. रीना भाटी ने आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
ये रहे मौजूद
इस दौरान विशिष्ट अतिथि जिला परिषद सदस्य कन्हैयालाल खरे, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) नरेश परमार, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मृदुला व्यास, मुख्य पर्यवेक्षक सतीशचंद्र पुरोहित, द उम्मेद इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक प्रकाश सिंह भाटी, शारीरिक शिक्षक रणजीत सिंह, अर्जुन सिंह, हरि सिंह, छैल सिंह देवड़ा, सुरभि सिंघल, प्रधानाचार्य रजनी श्रीवास्तव, शंभूलाल पुरोहित, उपप्रधानाचार्य भरत पुरोहित, भगवान सिंह महावर, बाबूलाल कुमावत, उपप्रधानाचार्य अमित वर्मा, कमल किशोर, मांगीलाल परमार सहित विभिन्न कमेटियों के संयोजक-सह संयोजक मौजूद रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन फुलाराम गर्ग और श्रवण जीनगर ने किया।