पंचायतीराज राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि राज्य बजट 2026–27 में प्रदेश और जिले को कई महत्वपूर्ण सौगातें दी गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार राजस्थान को विकसित राज्य बनाने के लिए संकल्पबद्ध है। इसके लिए हर आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं। राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने बताया कि बजट 2026-27 राजस्थान के समग्र और सतत विकास को सुनिश्चित करेगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विजन को आगे बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेशवासियों के प्रति कर्तव्यों का दस्तावेज है। यह बजट महिला, युवा, मजदूर, वंचित, किसान सहित सभी वर्गों के कल्याण को समर्पित है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2026-27 का बजट आकार 6,10,956 करोड़ रुपए है, जो वर्ष 2023-24 के बजट की तुलना में 41 प्रतिशत अधिक है। बजट का फोकस अवसंरचना विस्तार, नागरिक सुविधाओं में सुधार, औद्योगिक विकास, निवेश को प्रोत्साहन, मानव संसाधन सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा, पर्यटन, कला-संस्कृति, सुशासन, डिजिटल परिवर्तन, कृषि और किसानों का कल्याण, पशुपालन और डेयरी, हरित विकास और पर्यावरणीय सततता पर है। यह 2047 तक 4.3 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के मजबूत स्तंभ भी स्थापित करेगा। पत्रकार वार्ता में विधायक समाराम गरासिया, जिला प्रमुख अर्जुन पुरोहित, भाजपा जिला महामंत्री नरपतसिंह राणावत, वरिष्ठ नेता वीरेंद्रसिंह चौहान, जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री, चिराग रावल, महिपाल चारण और बाबूसिंह माकरोड़ा मौजूद रहे।
विकसित राजस्थान 2047 की दिशा में बजट
राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि यह बजट गांव, गरीब और किसानों के लिए हितकारी है। यह विकसित राजस्थान 2047 की कार्ययोजना के 10 संकल्पों को साकार करने वाला बजट है। उन्होंने बताया कि यह बजट प्रदेश को संकल्प से सिद्धि, नियत से नीति और आकांक्षा से उपलब्धि की ओर अग्रसर करेगा।
सिरोही जिले के लिए प्रमुख घोषणाएं
राज्यमंत्री देवासी ने बताया कि बजट में सिरोही जिले में आधारभूत संरचनाओं के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं।
- शिवगंज में गौतमजी-देवावेरा आरसीसी पुलिया का निर्माण।
- रेवदर, पिंडवाड़ा और सिरोही क्षेत्र में सड़क और पुलिया निर्माण कार्य।
- आबूरोड-मंडार-सांचौर राजमार्ग के लिए 535 करोड़ रुपए की घोषणा।
- प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 5 ट्यूबवेल और 10 हैंडपंप।
- जिले में नए 33/11 केवी जीएसएस निर्माण कार्य।
- माउंट आबू स्थित संत सरोवर झील के पुनर्विकास और पार्क का सुदृढ़ीकरण।
- शिवगंज के कानाकोलर में देवनारायण बालिका आवासीय विद्यालय में विज्ञान संकाय।
- पिंडवाड़ा के ठंडी बेरी में जनजाति बालिका छात्रावास का निर्माण।
- सिरोही कारागार में आधारभूत कार्य और मुलाकात कक्ष का निर्माण।
- लूनेरी बांध के जीर्णोद्धार।
- डाबरकला पशु चिकित्सा केंद्र के क्रमोन्नयन और गौशाला संवर्धन।
- माउंटआबू वन्यजीव अभयारण्य में जैव विविधता संरक्षण कार्य।
- जिले के राजकीय विद्यालयों में आधारभूत संरचना और शौचालय निर्माण।
- सिरोही में 50 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता वाला मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट।
- जिले की मिसिंग लिंक और नॉन पेचेबल सड़कों का निर्माण।
राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि इन घोषणाओं से जिले के विकास को नई दिशा मिलेगी और आमजन को सीधा लाभ प्राप्त होगा।