{"_id":"6a2fd50a7dcabe50c50746e4","slug":"video-video-sabhagaya-yajana-ma-tharabhagaya-thathathaparava-ka-36-ghara-6-sal-sa-athhara-ma-bna-bjal-bl-vasal-raha-vabhaga-2026-06-15","type":"video","status":"publish","title_hn":"VIDEO: सौभाग्य योजना में 'दुर्भाग्य': दुंद्दीपुरवा के 36 घर 6 साल से अंधेरे में, बिना बिजली बिल वसूल रहा विभाग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
VIDEO: सौभाग्य योजना में 'दुर्भाग्य': दुंद्दीपुरवा के 36 घर 6 साल से अंधेरे में, बिना बिजली बिल वसूल रहा विभाग
'हर घर बिजली' का वादा तेजवापुर ब्लॉक के दुंद्दीपुरवा गांव में खोखला साबित हो रहा है। ग्राम पंचायत सरपतहा के इस मजरे में सौभाग्य योजना के तहत 6 साल पहले 36 घरों में बिजली मीटर लगा दिए गए, लेकिन बलवापुर पावर हाउस से जुड़ी लाइन में आज तक करंट नहीं दौड़ा। हालात ये हैं कि बिना एक यूनिट खपत के हर महीने 200 से 400 रुपये का बिल ग्रामीणों के घर पहुंच रहा है।
गांव के लोग बताते हैं कि पोल-तार सब लग गए, मीटर भी टंग गए। लगा कि अब अंधेरा दूर होगा। मगर 6 साल से इंतजार ही कर रहे हैं। लालटेन के सहारे बच्चे पढ़ते हैं, मोबाइल चार्ज कराने 1 किलोमीटर दूर हमीरपुर चौराहा जाना पड़ता है। गर्मी में पंखा-कूलर नहीं चलता, सांप-बिच्छू का डर अलग। बिजली न होने से गांव में आटा चक्की, सिलाई जैसे छोटे काम भी शुरू नहीं हो पा रहे।
70 वर्षीय सुन्दारा कहती हैं, "टीवी पर सुनते हैं सब घर रोशन हो गए। हमारे घर 6 साल से मीटर टंगा है, पर बल्ब नहीं जला।" युवक रामराज का कहना है, "डिजिटल इंडिया की बात होती है, यहां फोन चार्ज तक नहीं होता।" सत्यवती ने बताया कि "बिना बिजली जलाए ही 20 हजार रुपए का बकाया बिल भेज दिया गया है।"
ग्रामीणों का आरोप है कि बलवापुर पावर हाउस के जेई से लेकर डीएम, एसडीओ और स्थानीय विधायक तक को कई बार प्रार्थना पत्र दिए। हर बार सिर्फ 'दिखवाते हैं' का आश्वासन मिला। सवाल यही है कि जब मीटर लगा, लाइन खिंची, तो बलवापुर पावर हाउस से सप्लाई क्यों नहीं चालू हुई? बिना बिजली के बिल भेजना विभाग की संवेदनहीनता दिखाता है।
अब ग्रामीणों का सब्र टूट रहा है। उन्होंने 7 दिन में बिजली आपूर्ति शुरू न होने पर XEN कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी दी है। साथ ही मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की तैयारी है।
इस संबंध में एसडीओ नानपारा ने बताया कि "गांव में इतने सालों से बिजली नहीं जली है, इसकी जांच कराई जाएगी। बलवापुर पावर हाउस से जुड़ी तकनीकी दिक्कत देखकर उपभोक्ताओं को शीघ्र बिजली मिल सके, इसके इंतजाम किए जाएंगे।"
यह मामला सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। जब 6 साल में 36 घर रोशन नहीं हो सके, तो 'विकसित भारत' के दावे कितने सच्चे हैं?
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।