UP: गोरखपुर सांसद रवि किशन का फर्जी पीएसओ गिरफ्तार, शस्त्र लाइसेंस रिन्यूअल के लिए एसडीएम पर बना रहा था दबाव
गोरखपुर सांसद रवि किशन का फर्जी पीएसओ सूरज सिंह डलमऊ एसडीएम पर शस्त्र लाइसेंस रिन्यूअल के लिए दबाव बना रहा था। आईकार्ड जांच में फर्जी साबित होने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। आरोपी खुद को सांसद का पीएसओ बताकर अनैतिक तरीके से कार्य कराने की कोशिश कर रहा था।
विस्तार
खुद को गोरखपुर सांसद रवि किशन पीएसओ बताकर बृहस्पतिवार को एसडीएम डलमऊ पर लाइसेंस नवीनीकरण का दबाव बना रहे जालसाज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। डलमऊ एसडीएम सत्येंद्र सिंह अपने दफ्तर में दोपहर बाद तीन बजे बैठकर कामकाज निपटा रहे थे।
इसी दौरान लालगंज कोतवाली क्षेत्र के मधुकरपुर गांव निवासी सूरज सिंह उनके दफ्तर पहुंचा। उसने खुद को गोरखपुर सांसद का पीएसओ बताया। साथ ही एसडीएम से उसके शस्त्र लाइसेंस का नवीनीकरण करने के लिए कहा।
एसडीएम ने जांच कराकर शस्त्र लाइसेंस रिन्यूअल करने की बात कही तो वह एसडीएम पर अनैतिक रूप से नवीनीकरण करने का दबाव बनाने लगा। इस पर एसडीएम ने आईकार्ड मांगा। एसडीएम ने आरोपी के आईकार्ड की जांच कराई तो वह फर्जी पाया गया। एसडीएम की सूचना पर पुलिस तहसील पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि एसडीएम डलमऊ पर अनैतिक रूप से कार्य कराने के लिए आरोपी खुद को सांसद रवि किशन का पीएसओ बता रहा था। जांच में उसकी बात झूठी मिली। इस पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।