'अमर उजाला' का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' बृहस्पतिवार शाम को एटा के कलक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर पहुंचा। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से चर्चा में भाजपा के पदाधिकारियों ने जिले में विकास कार्य गिनाए तो विपक्षी दलों ने इसे झूठ का पुलंदा बताया। कार्यक्रम के दौरान दोनों ओर से जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगाए गए।
भाजपा जिला महामंत्री सुशील गुप्ता ने कहा कि जिले में मेडिकल कॉलेज और बाईपास का निर्माण कराया गया। जवाहर तापीय परियोजना का निर्माण हो रहा है। महिलाओं को सम्मान मिला, वह सुरक्षित महसूस कर रहीं है।
सपा युवजन सभा के जिलाध्यक्ष संदीप यादव ने कहा कि भाजपा झूठों की पार्टी है। जवाहर तापीय परियोजना सपा सरकार में स्वीकृत हुई। पूर्व सीएम अखिलेश ने 25 मेडिकल कॉलेज बनाने का लक्ष्य रखा। उसमें एक एटा भी था। भाजपा ने लोगों को भ्रमित कर पिछड़ी जाति का वोट ले लिया। प्रसपा जिलाध्यक्ष शराफत हुसैन काले ने कहा कि भाजपा से कोई खुश नहीं है। सपा से गठबंधन न होने पर हमारी पार्टी सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
2 of 5
एटा में चुनावी चर्चा को जुटे लोग।
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस जिलाध्यक्ष गंगासहाय लोधी ने कहा कि कांग्रेस ने देश को जो दिया, वह कोई नहीं दे सकता। जुमला पार्टी देश को बेचने का कार्य कर रही है। असली रामराज्य तभी आएगा जब कांग्रेस की सरकार देश व प्रदेश में आ जाएगी।
3 of 5
एटा में चुनावी मुद्दों पर चर्चा करते नेतागण
- फोटो : अमर उजाला
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेश वर्मा ने कहा कि सांसद के गोद लिए गांव बदहाल हैं। अगर हम सत्ता में आए तो शिक्षा पर 25 प्रतिशत बजट खर्च करेंगे। इस दौरान शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने भी अपनी बात रखी। नई पेंशन नीति का विरोध करते हुए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया।
4 of 5
एटा में चुनावी चर्चा करतीं महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
अमर उजाला का चुनावी रथ दोपहर के समय शहर के बाजारों में लोगों के मन की बात टटोलने पहुंचा। इस दौरान व्यापारियों और महिलाओं ने सुरक्षा को लेकर संतुष्टि जताई। वहीं विकास कार्यों को लेकर कुछ कसक भी नजर आई। व्यापारी गौरव और महेश गुप्ता ने कहा कि जिले में तमाम काम हुए, लेकिन हाथी गेट का विकास अभी तक नहीं हो पाया है।
5 of 5
एटा में चुनावी मुद्दों पर बोलती युवती
- फोटो : अमर उजाला
शहर के मशहूर बाबूगंज बाजार में खरीदारी के लिए आईं महिलाओं में से नेहा राजपूत और श्वेता ने कहा कि पहले की अपेक्षा अब विकास के काम हो रहे हैं। डिंपल वर्मा ने कहा कि जिले में कोई कमी नहीं है, महिलाओं के लिए पूरी सुरक्षा है। छात्रा सुषमा ने कहा कि शहर महिलाओं की सुरक्षा के लिए ठीक है। सीमा का कहना है कि शहर में कई सड़कें बनाई गई हैं।