आगरा में उच्च न्यायालय खंडपीठ (हाईकोर्ट बेंच) स्थापना को लेकर उच्च न्यायालय खंडपीठ स्थापना संघर्ष समिति ने गुरुवार को जेवर में प्रदर्शन किया। आगरा के अधिवक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा में पहुंचकर हाईकोर्ट स्थापना के बैनर लहराए। वी वांट हाईकोर्ट बेंच के नारे लगाए। पुलिस अधिकारियों ने अधिवक्ताओं को किसी तरह सभा स्थल से बाहर ले जाकर ज्ञापन लिया। जिस समय अधिवक्ता प्रदर्शन कर रहे थे, उस दौरान प्रधानमंत्री सभा स्थल पर भाषण दे रहे थे।
इधर, फिरोजाबाद में भी बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच स्थापना की मांग को बुलंद किया। जेवर की ओर कूच कर रहे बार एसोसिएशन अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों को पुलिस ने महावीर नगर पेट्रोल पंप के सामने रोक लिया। अधिवक्ताओं ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए जमकर नारेबाजी की। बाद में, अधिवक्ताओं ने जनपद न्यायालय में जुलूस निकालकर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एडीएम अभिषेक कुमार सिंह को सौंपा।
2 of 5
कार्यक्रम स्थल के गेट पर प्रदर्शन करते अधिवक्ता
- फोटो : अमर उजाला
उच्च न्यायालय खंडपीठ स्थापना संघर्ष समिति का प्रतिनिधिमंडल पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार सुबह आगरा दीवानी परिसर से बस व व्यक्तिगत वाहनों के द्वारा जेवर पहुंचा। पुलिस की नाकाबंदी के बाद भी करीब 150 अधिवक्ता प्रधानमंत्री की सभा में पहुंचने में सफल हुए।
3 of 5
अधिवक्ताओं से बात करते पुलिस अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के अधिवक्ता दुर्गेश सिंह भैया, अजय चौधरी आदि को गेट पर ही रोक लिया। जहां उन्होंने हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस पर पुलिस प्रशासन ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। हालांकि बाद में सभी को छोड़ दिया गया।
4 of 5
सभा में घुसकर अधिवक्ताओं ने लहराया बैनर
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री के भाषण के दौरान डी में पहुंचकर में अधिवक्ताओं ने जस्टिस जसवंत सिंह आयोग की रिपोर्ट लागू करो, आगरा में खंडपीठ स्थापना करो के बैनर लहराए और वी वांट हाईकोर्ट बेंच के नारे लगाए। इससे जनसभा में अफरातफरी मच गई। पुलिस अधिकारी अधिवक्ताओं को किसी तरह सभा स्थल से बाहर ले गए।
5 of 5
फिरोजाबाद में विरोध प्रदर्शन करते अधिवक्ता
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद के अधिवक्ता भी बस में सवार होकर जेवर जा रहे थे। अधिवक्ताओं का नेतृत्व बार एसोसिएशन अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव, महासचिव देवेंद्र सिंह यादव, घनश्याम यादव कर रहे थे। इसकी जानकारी होते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। पुलिस ने अधिवक्ताओं की बस को रोक लिया। पुलिस की सक्रियता के बाद अधिवक्ता जिला मुख्यालय की ओर लौट गए।