कोविड-19 के मरीजों और मौत के आंकड़ों को लेकर सवाल उठाए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष को तीखा जवाब दिया। प्रयाग में आयोजित कुंभ के दौरान हुए हादसे का जिक्र करते हुए उन्होंने बिना नाम लिए कांग्रेस को कटघरे मेंख्खड़ा किया।
कुंभ में हुई सैकड़ों मौत का आंकड़ा छिपाने में व्यवस्थ थी तत्कालीन सरकार : पीएम
उत्तर प्रदेश में गरीब कल्याण रोजगार अभियान की ऑनलाइन शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, कुंभ में भगदड़ मचने से सैकड़ों लोगों की मौत हो गई थी लेकिन उस समय की सरकार का पूरा ध्यान आंकड़ों को छिपाने पर था। इसी क्रम में उन्होंने कहा, कोरोना को लेकर पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है।
कुछ भी छिपाया नहीं जा रहा है। प्रधानमंत्री ने प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की तारीफ भी की और कहा कि इससे संतुष्टि मिलती है कि यूपी में लोग सुरक्षित हैं। उन्होंने बसें चलाकर श्रमिकों को सुरक्षित उनके घरों तक पहुंचाया।
अभियान और प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। यहां कलक्ट्रेट में प्रधानमंत्री के संबोधन को सुनने की व्यवस्था की गई थी, जहां सभी वरिष्ठ अफसर मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि सभी श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता में है।
प्रधानमंत्री ने गरीब कल्याण रोजगार अभियान के साथ रोजगार वाली अन्य योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग और कोरोना के मद्देनजर जारी गाइडलाइन का पालन करने की भी नसीहत दी। प्रधानमंत्री ने श्रमिकों के सवालों के भी जवाब दिए।