उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने शनिवार को संगम में डुबकी लगाने के बाद कहा कि पुलवामा में बहा शहीदों का खून बेकार नहीं जाने दिया जाएगा। पाकिस्तान का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि दो दिन पहले दुश्मन देश ने जवानों के साथ जो कायराना हरकत की उसका कड़ा जवाब दिया जाएगा। यह आलोचना और निंदा का समय नहीं है। इस घटना का ऐसा करारा जवाब दिया जाएगा कि दुश्मन देश की आने वाली पीढिय़ां हमेशा याद रखेंगी। यह बातें उन्होंने अक्षयवट के पास आयोजित युवा कुंभ में कहीं। यहां उन्होंने 30 कुंभ सेवा मित्रों को सम्मानित किया।
युवा कुंभ में पहुंचे उपराष्ट्रपति ने पुलवामा आतंकी घटना पर अपनी संवेदना जताई। कहा कि यह आलोचना का समय नहीं है। सही समय देखकर दुश्मन को कड़ा जवाब दिया जाना चाहिए। उन्होंने इस दौर में सेना का साथ देने और मनोबल बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही, कुंभसेवा मित्रों के समर्पण की सराहना की। कहा कि इस कुंभ के जरिए उनके भविष्य की नई राह खुलेगी। उन्होंने कहा कि कुंभ सेवा मित्रों ने देश-दुनिया से आए अतिथियों का दिल खोलकर स्वागत किया है। कुंभ में आतिथ्य सत्कार पूरी दुनिया के लिए उदाहरण बन गया है।
उन्होंने बताया कि अब तक कुंभ में 19 करोड़ लोग पुण्य की डुबकी लगा चुके हैं। यह कुशल प्रबंधन और दिलखोलकर की गई सेवा का ही परिणाम है। उन्होंने कुंभ की दिव्यता का तो बखान किया ही, इसकी सफलता के लिए योगी सरकार के प्रयासों की सराहना भी की। इस दौरान कुंभ के आयोजन पर आधारित 15 मिनट की डाक्यूमेंट्री भी दिखाई गई।
अध्यक्षता कर रहे राज्यपाल रामनाईक ने कहा कि प्रयागराज में कुंभ के इतिहास का यह पहला मौका है जब राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति से लेकर प्रधानमंत्री तक इस कुंभ में हाजिरी लगा चुके हैं। यह कुंभ पूरे विश्व के लिए अद्वितीय और अनुकरणीय माना जाएगा। उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने अतिथियों का स्वागत किया। इससे पहले पुलवामा के शहीदों की याद में दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
उपराष्ट्रपति-राज्यपाल को संगम का जल भेंट
युवा कुंभ में उपराष्ट्रपति का भव्य स्वागत किया गया। यहां उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने पवित्र संगम का जल कमंडल में भरकर उपराष्ट्रपति और राज्यपाल को भेंट किया।
कमेंट
कमेंट X