प्रदेश के टॉप टेन अपराधियों की सूची में शामिल कुख्यात अपराधी ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू सिंह की संपत्ति को बुधवार को आजमगढ़ में पुलिस ने कुर्क कर लिया। शहर के हरवंशपुर (बेलईसा) स्थित कुंटू की यह प्रापर्टी पत्नी वंदना सिंह के नाम पर थी। जिसे एसपी की आख्या पर जिलाधिकारी ने कुर्क करने का आदेश जारी किया था। अमर उजाला ने बुधवार के अंक में ही इसे प्रमुखता से प्रकाशित किया। जिस पर बुधवार को ही पुलिस व प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और कुंटू की इस प्रापर्टी को भी कुर्क कर लिया। देखें अगली स्लाइड्स...।
ध्रुव कुमार सिंह कुंटू कुख्यात अपराधी है। पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू की हत्या के बाद यह चर्चा में आया। इसके बाद ही इस पर गैंग्स्टर के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई की शुरूआत की।
छह जनवरी को लखनऊ में हुए अजीत सिंह हत्याकांड के बाद से तो इसे आजमगढ़ जेल से गैर जनपद स्थानांतरित कर दिया गया। क्योंकि जेल में रहते हुए भी यह अपने अपराध की दुनिया का सफलतापूर्वक संचालन कर रहा था। जिसका खुलासा लखनऊ पुलिस ने अजीत हत्या कांड के खुलासे के दौरान किया था।
इसके बाद से ही जिला व पुलिस प्रशासन की नजर इस पर टेड़ी हुई है। कुंटू को आर्थिक चोट पहुंचाने की कवायाद में महकमा जुटा है। शहर के हरवंशपुर में एक और प्रापर्टी चिह्नित हुई, जो उसने अपनी पत्नी वंदना सिंह के नाम पर ले रखा था। एसपी सुधीर कुमार सिंह ने इस संपत्ति को कुर्क किए जाने के लिए डीएम राजेश कुमार को आख्या प्रेषित किया। जिस पर डीएम ने संपत्ति कुर्क किए जाने की अनुमति प्रदान कर दिया। अमर उजाला ने बुधवार के अंक में खबर प्रकाशित की।
इसके बाद बुधवार को ही एसपी सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व पुलिस व प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया और उक्त प्रापर्टी को सीज करते हुए कुर्क कर लिया। इस प्रापर्टी की कीमत 27.54 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान एसपी सिटी पंकज कुमार पांडेय, एसडीएम सदर गौरव कुमार के अलावा काफी संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद रही।