बुलंदशहर बवाल में इंस्पेक्टर सुबोध कुमार की हत्या मामले में आरोपी फौजी उर्फ जीतू को गिरफ्तार करने में पुलिस ने पूरी ताकत लगा दी। लेकिन बजरंग दल के जिला संयोजक को पुलिस भूल गई।
बुलंदशहर बवाल को लेकर कठघरे में यूपी पुलिस, फौजी की गिरफ्तारी के पीछे ये बड़ा राज
बड़ा सवाल यह है कि बवाल का मुख्य आरोपी बजरंग दल का जिला संयोजक योगेश राज अभी भी खुलेआम घूम रहा है। बुलंदशहर पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए कोई खास कदम नहीं उठाया। लेकिन पुलिस ने फौजी जीतू को गिरफ्तार करने के लिए पूरी ताकत लगा दी।
पुलिस अधिकारियों ने बवाल के बाद ही साफ कर दिया था कि बवाल का मुख्य आरोपी योगेश राज है। योगेश राज के बचाव में कई राजनीतिक दल लगे हुए हैं। लेकिन पुलिस योगेश को ही बवाल का मुख्य आरोपी मान रही है। सवाल उठता है कि योगेश जब बवाल का मुख्य आरोपी है तो उसको गिरफ्तार क्यों नहीं किया जा रहा। इसको लेकर चर्चाएं भी हैं कि पुलिस राजनीतिक हस्तक्षेप होने के बाद बैकफुट पर आ गई है और अब योगेश को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
फौजी से बरामद नहीं हुआ हथियार
पुलिस ने इंस्पेक्टर सुबोध की हत्या के मामले में भले ही फौजी जीतू को नामजद आरोपी बनाया हो। लेकिन गिरफ्तारी के बाद भी पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कोई हथियार बरामद नहीं किया है। फौजी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेजा गया है। पुलिस ने उसका पुलिस कस्टडी रिमांड भी नहीं मांगा।
क्या कोई सुबूत पेश कर पाएगी पुलिस
बुलंदशहर बवाल में इंस्पेक्टर की हत्या के मामले में नामजद फौजी के खिलाफ पुलिस कोई सुबूत जुटाने में सफल रहेगी या नहीं, यह तो आगे की बात है। लेकिन अभी तक पुलिस ने उसके खिलाफ एक भी सुबूत कोर्ट में पेश नहीं किया है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि बवाल के दौरान फौजी घटनास्थल पर था, इसका सबूत उनके पास है। लेकिन गोली किसने चलाई या नहीं, इसकी अभी जांच चल रही है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
