जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में गुरुवार को हुए एक बड़े आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए हैं। आगे पढ़िए इस हमले को लेकर पश्चिमी यूपी के दिग्गज नेता क्या बोले:-
पुलवामा आतंकी हमले को लेकर क्या बोले पश्चिमी यूपी के दिग्गज नेता, एक क्लिक में पढ़ें
मन में पीड़ा और आक्रोश
मन में पीड़ा भी है और आक्रोश भी। शहीद सैनिकों को विनम्र श्रद्धांजलि। लेकिन यह श्रद्धांजलि सिर्फ शब्दों में नहीं होगी, इसका जवाब दिया जाएगा। आतंकियों और उनके शरणदाताओं को इसका जवाब मिलेगा। इस समस्या का अब मजबूत समाधान करना होगा। - राजेंद्र अग्रवाल, सांसद भाजपा
सरकार कमजोर नहीं
पाकिस्तान में घाटी के माहौल को लेकर जो निराशा है, यह उसकी प्रतिक्रिया है। लेकिन केंद्र सरकार कमजोर नहीं है, शीघ्र ही मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। आतंकी और उनको पालने वाले सपने में भी ऐसे जवाब की कल्पना नहीं कर पाएंगे। - डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भाजपा
शहादत पर न हो राजनीति
आतंकी हमला और सैनिकों की शहादत पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। बल्कि सभी को एकजुट होकर इसके खिलाफ खड़ा होना चाहिए। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक दृढ़ इच्छा शक्ति वाली सरकार है, जो इसका तगड़ा जवाब देगी। - अश्वनी त्यागी, क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा
सरकार मुंहतोड़ जवाब दे
आतंकियों की घिनौनी हरकत की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। पार्टी ने 16 फरवरी को होने वाले अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। पार्टी सभी जिलों में शोकसभा कर शहीदों को श्रद्धांजलि देगी। शहीद जवानों के परिवारों को सांत्वना देने भी जाएंगे। - जयंत चौधरी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रालोद