जिसका युवाओं को था इंतजार, वो शुभ घड़ी आज आ गई। प्रेमी युगलों और दोस्तों का पर्व वेलेंटाइन वीक आज से शुरू हो रहा है। इस सप्ताह का आगाज रोज डे यानि गुलाब दिवस से हो रहा है। युवा अपने साथी को गुलाब देकर आज दोस्ती का इजहार करेंगे। वहीं नाराज साथी को गुलाब देकर मनाएंगे। वेलेंटाइन वीक में आज रोज डे है और सोमवार को प्रपोज डे रहेगा।
वेलेंटाइन वीक: आज गुलाब देकर हो रहा प्यार का इजहार, फूलों के बढ़े दाम
रोज डे के लिए बाजार भी तैयार है। शनिवार को ही गुलाबों की खरीदारी और बुकिंग शुरू हो गई। कोरोना महामारी के बाद यह वेलेंटाइन डे आया है। पूरे आठ-दस महीने से फूलों का बाजार भी डाउन था। लेकिन अब स्थिति सामान्य हो रही है तो रोज डे पर गुलाबों की मांग भी बढ़ी है।
बाजार में नकली गुलाब के साथ ही असली गुलाब की विशेष मांग है। इसमें ट्यूब रोज, गुलाब का बंच, बुके, हैंगिंग बॉस्केट और बॉस्केट व गुलाब का दिल खरीदा जा रहा है। एक गुलाब की कीमत 70 रुपये से शुरू हो रही है। लाल गुलाब की सबसे ज्यादा मांग रोज डे के लिए है। इसके अलावा पीला और सफेद गुलाब भी पसंद किया जा रहा है।
कोरोना काल में धीमी पड़ गई थी फूलों की महक
कोरोना के दौरान फूलों की बिक्री काफी घट गई थी। लोगों को डर था कि फूलों से भी संक्रमण हो सकता है। मगर अब कोरोना टीकाकरण होने और परिस्थतियां सामान्य होने के कारण लोगों में हिम्मत लौटी है।
प्रेमी युगल हों या नवयुगल असली गुलाब का फूल ही साथी को देना चाहते हैं। फूल विक्रेता पवन कहते हैं कि आठ महीने से तो फूलों की बिक्री बहुत कम थी। अब रोज डे के कारण थोड़ी मांग बढ़ी है। नई सड़क पर फूल विक्रेता मदन के अनुसार गुलाब का एक बंच 600 रुपये तक बेचा जा रहा है।
पतंगों पर लिखे वेलेंटाइन डे के संदेश
दस दिन बाद वसंत पंचमी है। अस्थाई और स्थाई बाजार पतंगों से सज गए हैं। इस बार वैलेंटाइन से जुड़ी पतंग भी बाजार में उतारी गई हैं। इसमें दिल के आकार, हैप्पी वेलेंटाइन के संदेश लिखे गए हैं। युवाओं को लुभाने के लिए सभी रंगों में पतंग बाजार में उतारी गई हैं।
युवाओं को लाल रंग अधिक पसंद आ रहा है। शहर में मुख्य रूप से खैरनगर और गोला कुआं पर पतंगों की दुकानें हैं। इसके अतिरिक्त कुछ दुकानें सदर में भी हैं। शहर के बाहरी क्षेत्रों में भी अस्थाई पतंगों की दुकानें सज गई हैं।