मथुरा: वृंदावन में बोलीं सांसद हेमा मालिनी- ब्रज के लोक कलाकारों के लिए तैयार हो रहे हैं रंगमंच
ब्रज के लोक कलाकारों ने सांसद हेमा मालिनी के समक्ष अपनी समस्याओं को रखा। इस पर सांसद ने कहा कि कोशिश की जा रही है कि आर्थिक पहलू पर भी कोई ठोस समाधान सामने आए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वृंदावन में शुक्रवार को ब्रज के लोक कलाकारों ने सांसद हेमा मालिनी से मुलाकात की। इस दौरान लोक कलाकारों ने अपनी समस्याओं के साथ ब्रज में लोक कला के उत्थान को लेकर अनेक पहलू सांसद के समक्ष रखे। इस पर सांसद ने कहा कि ब्रज के लोक कलाकारों के लिए ब्रज में अनेक रंगमंच तैयार हो रहे हैं।
शुक्रवार को सांसद की पहल पर ही उनके आवास पर मुलाकात के लिए लोक कलाकार पहुंचे। कलाकार मुरारी लाल शर्मा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ने किसान, मजदूर व अन्य के लिए सुविधाएं कोरोना के वजह से प्रदान की हैं लेकिन लोक कलाकारों के लिए ऐसी कोई भी योजना नहीं है।
कलाकार श्रीनाथ शर्मा ने कहा कि अयोध्या की भांति ब्रज क्षेत्र में सरकारी स्तर पर रासलीला व लोक कलाकारों के कार्यक्रम नियमित कराने की योजना बने। डॉ. सीमा मोरवाल ने कलाकारों के लिए बीमा और श्रीबांके बिहारी शर्मा ने संगीत विद्यालयों की आवश्यकता जताई।
सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि ब्रज में पारसोली, मुक्ता काशी रंगमंच, जवाहर बाग, रसखान की समाधि, वृंदावन में गीता शोध संस्थान में ऑडिटोरियम व मुक्ताकाशी रंगमंच का निर्माण यहां की विभिन्न विधाओं के कार्यक्रम अनवरत कराने के लिए किए जा रहे हैं। इस संदर्भ में सीएम और केंद्रीय सांस्कृतिक मंत्री से चर्चा करेंगी।
सांसद ने गिनाए प्रदेश सरकार के काम
प्रदेश सरकार के चार वर्षों के कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करने के लिए शुक्रवार को सांसद हेमा मालिनी ने डैंपियर नगर में जनता से संवाद किया। सांसद ने कहा कि प्रदेश सरकार ने चार वर्षों में जो कार्य किया है, वह पूर्व की प्रदेश की सरकार नहीं कर पाई है। महिला सुरक्षा, प्रदेश को गुंडामुक्त, प्रदेश में निर्बाध विद्युत आपूर्ति, व्यापारियों को सुरक्षा के साथ-साथ प्रदेश में विकास की अनेक योजनाओं को लागू करके हर वर्ग को राहत प्रदान की है।
सांसद ने डैंपियर नगर में वार्ड-45 में तीन करोड़ रुपये से बनी सड़कों और नालियों का लोकार्पण किया। इस दौरान महापौर मुकेश आर्य बंधु, पार्षद राजेश सिंह मिंटू, संजय गोविल, चिंताहरण चतुर्वेदी, मिलन भाटिया, संजीव गर्ग, नितिन अग्रवाल, नीतू गर्ग, मिट्टल पाठक, एसई एसपी मिश्रा, स्नेहलता गर्ग, सौरभ गुप्ता, रिंकू मिश्रा, कल्पना गर्ग, दीक्षा सिंह, अंकिता सिंह मौजूद रहीं।