Aligarh: शेयर में निवेश के नाम पर 3.65 लाख की ठगी, शिक्षक दंपती से ठगे 42 लाख, रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू
सासनी गेट इलाके के शिक्षक दंपती से उनके करीबी मित्र ने 42 लाख रुपये ठग लिए। मामले में शिकायत पर एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने रिपोर्ट तो दर्ज कर ली, लेकिन आज तक मदद नहीं मिली।
विस्तार
शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर अब एटा के व्यक्ति संग 3.65 लाख रुपये की ठगी का मामला साइबर थाने में दर्ज किया गया है। मामले में एटा सकीट क्षेत्र के विहारपुरा के वीनेश कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
उन्होंने बताया कि एक दिसंबर को उनके व्हाट्सएप नंबर को युविका सान्याल नाम की युवती ने ग्रुप बुल रन पर्व में जोड़ दिया। इसके बाद सात जनवरी को दूसरे ग्रुप आईवीएल ग्रुप-455 में जोड़ दिया। इन ग्रुपों में उन्हें शेयर में निवेश कराने और अच्छा मुनाफा मिलने की पोस्ट दिखाई देने लगीं। इसी बीच 13 जनवरी को युविका ने कॉल कर निवेश के लिए प्रेरित किया। लालच में आकर वे राजी हो गए। उनका एकाउंट खोलकर 14 जनवरी से लेकर 24 जनवरी के बीच एप में नाम शामिल कर रुपये खातों में ट्रांसफर कराए गए। बाद में रुपये वापस मांगने पर कमीशन मांगने लगे तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ। एसएचओ साइबर थाना महेश त्यागी के अनुसार इस मामले को भी जांच में शामिल किया गया है।
ग्रुप में ऐसे बंटे हुए हैं काम
रिपोर्ट में बताया गया है कि इस ग्रुप में सुनील बंसल रुद्रा शेयर का हेड है, जिसे ये लोग ग्रुप में प्रोफेसर कहते हैं। वहीं, उमंग ठाकुर, महीपाल सिंह, श्रवन कुमार, अन्नया शर्मा, शिवप्रकाश, सिमरन गुप्ता, अर्जुन मेहता, संघमित्रा गुहा, रितिक मेहरा, स्नेहा पटेल, वीएस साय शिवाकुमार, राहुल नायर, चिनमोय चट्टर, मोहम्मद याकूब, पूजा पटेल, सौरव विस्वास, पीतांबर लाल, बृजबाला शर्मा, अवनीत कौर इन्हीं की टीम का हिस्सा हैं, जो मुनाफा बताते हैं।
शिक्षक दंपती से मित्र ने ठगे 42 लाख, अब दे रहा धमकी
सासनी गेट इलाके के शिक्षक दंपती से उनके करीबी मित्र ने 42 लाख रुपये ठग लिए। मामले में शिकायत पर एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने रिपोर्ट तो दर्ज कर ली, लेकिन आज तक मदद नहीं मिली। अब आरोपी उन्हें धमकियां दे रहा है। उन्होंने फिर एसएसपी कार्यालय में शिकायत की है।
सासनी गेट बांके विहारी कॉलोनी आगरा रोड की रोली सक्सेना ने बताया कि वह और उनके पति बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक हैं। उनके पति के परिचित बड़ेसरा के पुनीत कुमार यहां आगरा रोड पर उनके पड़ोस में आकर रहने लग गए। उनका घर भी आना जाना शुरू हो गया। इसी बीच उन्होंने मोबाइल की मदद से उनके पति और उनके खाते से कई बार में 42 लाख रुपये अपने व अपनी पत्नी व साले के खाते में ट्रांसफर कर लिए। जब दंपती एकाउंट की डिटेल अपडेट कराने पहुंचे तो इसकी जानकारी हुई।
एसएसपी के निर्देश पर 30 जनवरी को थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई। उसके बाद आरोपी को बुलाया गया, लेकिन दरोगा ने उससे यह लिखकर ले लिया कि वह रुपये परिवार में बात कर वापस कर देगा। इसके बाद आरोपी को नहीं बुलाया गया। एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक के अनुसार मामले में कार्रवाई की जाएगी।
खैर के व्यक्ति से 2.88 लाख ठगे
शेयर निवेश के नाम पर 2.88 लाख की ठगी का मामला खैर क्षेत्र के खेड़ा दयाल के सुनील कुमार ने दर्ज कराया है। रिपोर्ट के अनुसार उन्हें चार दिसंबर 2025 को एक व्यक्ति ने टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर निवेश के नाम पर अलग-अलग यूपीआई आईडी में रुपये डलवा लिए। रुपये लेने के बाद आरोपियों ने संपर्क खत्म कर दिया।