HSRP: ट्रैफिक पुलिस को चकमा देने के लिए वाहनों पर नहीं, शोरूमों में शोभा बढ़ा रहीं नंबर प्लेट
नाम न छापने की शर्त पर वाहन शोरूम संचालक ने यह भी बताया कि वाहन खरीदने वाला स्वामी कई बार धमकी भी देता है कि अब मैं नंबर प्लेट लगवाऊं या ना लगवाऊं यह मेरी मर्जी। आप इसके लिए मुझे बाध्य नहीं कर सकते।
विस्तार
बेशक सरकार ने 2019 में वाहनों पर एचएसआरपी (हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट) की अनिवार्यता कर दी है। 2019 से पहले के वाहनों पर भी एचएसआरपी लगाना अनिवार्य कर दिया, लेकिन, चालान से बचने के लिए जिले के वाहन चालक नंबर प्लेट नहीं लगा रहे हैं। यही वजह है कि बड़ी संख्या में वाहनों की नंबर प्लेट शोरूमों की दराज में धूल फांक रही हैं।
कहने को यातायात पुलिस जिले भर में चौक, चौराहों पर चालान करती फिरती है। शहर में एक दर्जन से अधिक चौराहों पर ट्रैफिक लाइट के जरिए ऑनलाइन चालान होते हैं, लेकिन दो पहिया वाहन चालकों ने एक नया फंडा ईजाद किया है। अब वह बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर वाहन दौड़ा रहे हैं। सड़कों पर दौड़ रहे इन वाहनों में बड़ी संख्या में 2019 से पहले के वाहन भी शामिल हैं।
जब शहर के प्रमुख शोरूम संचालकों के यहां पहुंचकर जानकारी की गई तो स्पष्ट उजागर हुआ कि हर महीने उनके शोरूम से औसतन 300 से अधिक वाहनों की बिक्री होती है, लेकिन 100 से अधिक वाहन चालक ऐसे हैं जो अपनी नंबर प्लेट लेने ही नहीं आते।
नाम न छापने की शर्त पर वाहन शोरूम संचालक ने यह भी बताया कि वाहन खरीदने वाला स्वामी कई बार धमकी भी देता है कि अब मैं नंबर प्लेट लगवाऊं या ना लगवाऊं यह मेरी मर्जी। आप इसके लिए मुझे बाध्य नहीं कर सकते। जो भी कानूनी कार्रवाई होगी उसे वह भुगतेगा।
शहर में बिना नंबर प्लेट के दो पहिया वाहन चालान से बचने के लिए लोग दौड़ा रहे हैं। जनवरी माह में हमने ऐसे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया था, जिसमें जुर्माना वसूलने के साथ-साथ प्रपत्र ना दिखाने वाले वाहनों को सीज भी किया गया था। अब बड़े स्तर पर एक अभियान चलाया जाएगा। लोगों को नंबर प्लेट लगाने के लिए जागरूक भी किया जाएगा।- प्रवीण कुमार एसपी यातायात
हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट आने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान शुरू किया जाएगा। जिन वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं होगी उनसे जुर्माना वसूलने के साथ कठोर कार्रवाई की जाएगी। शोरूम संचालकों पर भी सख्ती की जाएगी। उन्हें हिदायत दी जाएगी कि बिना नंबर प्लेट लगाए किसी भी वाहन की बिक्री न करें।- दीपक कुमार शाह आरटीओ प्रशासन
यह तथ्य भी जाने
- 150 दो पहिया वाहन शहर में हर दिन नए खरीद कर सड़कों पर उतारे जाते हैं
- 15 बड़े और इतने ही छोटे शोरूम जिले में हर दिन करते हैं वाहनों की बिक्री
- 12.87 लाख दो पहिया वाहन जिले की सड़कों पर भर रहे फर्राटा
- 5.40 लाख ऐसे वाहन 2019 से पहले के जिनमें नहीं लगी है हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट
यह नियम भी जाने
- वाहन खरीदते समय सड़क पर आते ही नंबर प्लेट लगना जरूरी
- जिले में एक सप्ताह से 10 दिन के अंतराल में दी जा रही है नंबर प्लेट के साथ रजिस्ट्रेशन
- बिना नंबर प्लेट वाहन दौड़ने पर पहली बार में 5,000 दूसरी बार में 10,000 जुर्माना
- एचएसआरपी के जरिए वाहन का चालान ऑनलाइन हो जाता है और मोबाइल पर इसकी सूचना पहुंच जाती है। इसी से बचने के लिए दो पहिया वाहनों के चालक नंबर प्लेट लगाने से बच रहे हैं।
