Aligarh: धूमधाम से मनाया गया पीएम स्वनिधि महोत्सव, योजना के छह साल हुए पूरे, रेहड़ी-पटरी वालों की बदली तकदीर
इस महोत्सव का एक मुख्य आकर्षण सम्मान समारोह रहा। कार्यक्रम में उन स्ट्रीट वेंडर्स को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया जिन्होंने अपने व्यवसाय में क्रेडिट कार्ड का बेहतरीन उपयोग किया और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय और उत्तर प्रदेश शासन के नगरीय विकास विभाग के दिशा-निर्देशन में अलीगढ़ कलेक्ट्रेट परिसर स्थित डूडा कार्यालय के सभागार में पीएम स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। योजना के सफलतम 6 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में स्थानीय पथ विक्रेताओं (स्ट्रीट वेंडर्स), प्रशासनिक अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। महोत्सव के दौरान अधिकारियों ने योजना से मिलने वाले फायदों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैसे यह योजना छोटे दुकानदारों के लिए एक बड़ा संबल बनकर उभरी है।
तीन चरणों में आर्थिक मदद
योजना के तहत पात्र वेंडर्स को बिना किसी गारंटी के पहले चरण में 15,000, दूसरे चरण में 25,000 और तीसरे चरण में 50,000 रुपए तक का ऋण दिया जाता है।
समय पर भुगतान के फायदे
जो वेंडर्स समय पर अपना लोन चुकाते हैं, उन्हें ब्याज में सब्सिडी मिलती है और आगे चलकर और बड़ी राशि का लोन मिलने का रास्ता साफ हो जाता है।
डिजिटल लेनदेन पर इनाम
इसके साथ ही डिजिटल पेमेंट्स को बढ़ावा देने के लिए वेंडर्स को शानदार कैशबैक की सुविधा भी दी जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि इस योजना ने न केवल हजारों परिवारों की आजीविका को मजबूती दी है, बल्कि उन्हें 'आत्मनिर्भर भारत अभियान' का एक महत्वपूर्ण हिस्सा भी बना दिया है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना वित्तीय समावेशन और स्वरोजगार को बढ़ावा देने का एक बेहतरीन और सफल मॉडल साबित हुई है। इसने शहरी गरीबों और लघु उद्यमियों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने का काम किया है।
डिजिटल चैंपियंस और कर्मठ कर्मचारियों का हुआ सम्मान
इस महोत्सव का एक मुख्य आकर्षण सम्मान समारोह रहा। कार्यक्रम में उन स्ट्रीट वेंडर्स को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया जिन्होंने अपने व्यवसाय में क्रेडिट कार्ड का बेहतरीन उपयोग किया और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा दिया। इसके साथ ही योजना को धरातल पर सफलतापूर्वक लागू करने वाले डूडा के कर्मठ कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
इस मौके पर डूडा अलीगढ़ के परियोजना अधिकारी कौशल कुमार, पार्षद दीपक कुमार, योगेश सिंघल व राजकुमार मौजूद रहे। इनके साथ ही शहर मिशन प्रबन्धक अनीस अहमद व राधेश्याम, और सामुदायिक आयोजक अमित कुमार जौहरी, रोविन सिंह, अब्दुल रऊफ, सुल्तान अहमद व शिव कुमार आदि उपस्थित थे।