गंगीरी के बिलौना गांव में पंचायत सचिवालय के छज्जे पर अवैध निर्माण की शिकायत की जांच करने पहुंचे अधिकारियों के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि छह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
क्षेत्र के गांव बिलौना में पंचायत सचिवालय के छज्जे पर मकान की दीवार खड़ी कर अवैध तरीके से निर्माण किए जाने की शिकायत पर अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि श्यौराज सिंह ने पंचायत सचिवालय के छज्जे का अतिक्रमण कर निर्माण कराया था। जांच के लिए पहुंचे ग्राम प्रधान बनी सिंह यादव, लेखपाल हिमांशु गुप्ता और पुलिस टीम से श्यौराज पक्ष ने अभद्रता करते हुए हंगामा कर दिया। पुलिस ने मामले को शांत कराया। थाना प्रभारी ज्योति श्रीवास्तव ने बताया है कि कार्रवाई करते हुए श्यौराज सिंह और संजेश कुमार को शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। ग्राम प्रधान बनी सिंह यादव की तहरीर पर श्यौराज सिंह, योगेश, संजेश कुमार, अखिलेश कुमार, अनुज और देवकरन सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।