खुर्जा जंक्शन हादसा: परिजन अलीगढ़ जीआरपी थाने पहुंचे, रेलवे ट्रैक पर किया विरोध, चौकी इंचार्ज समेत तीन निलंबित
जीआरपी सिपाही के लिए पानी मांगने पर पुलिसकर्मियों और अमरदीप में कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर अमरदीप व तीन अन्य से मारपीट भी हुई। इसके बाद अमरदीप रेलवे ट्रैक पर दौड़ा और ट्रेन की चपेट में आ गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
खुर्जा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर 11 जून को पानी की बोतल को लेकर हुए विवाद के बाद ट्रेन की चपेट में आकर कैंटीन संचालक अमरदीप की मौत के मामले ने 12 जून को तूल पकड़ लिया है। घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण जीआरपी थाने पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। इसके बाद विरोध प्रदर्शन करते हुए कई लोग रेलवे ट्रैक पर भी पहुंच गए, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों का आरोप है कि जीआरपी कर्मियों के साथ हुए विवाद के बाद अमरदीप ने जान बचाने की कोशिश की, लेकिन घटनाक्रम के दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है।
पानी की बोतल को लेकर शुरू हुआ था विवाद
देर रात खुर्जा जंक्शन स्टेशन पर पानी की बोतल को लेकर विवाद हुआ था। स्टेशन पर मौजूद एक व्यक्ति ने जीआरपी सिपाही के लिए पानी मांगा था। इसी दौरान कैंटीन संचालक अमरदीप और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अमरदीप और उसके भाई समेत तीन अन्य लोगों से मारपीट भी हुई। कुछ देर बाद अमरदीप रेलवे ट्रैक की ओर दौड़ा। मौके पर मौजूद लोगों और एक जीआरपी कर्मी ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह ट्रैक पर पहुंच गया और ट्रेन की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप
मृतक अमरदीप के परिजनों का कहना है कि पुलिसकर्मियों के व्यवहार और मारपीट से आहत होकर अमरदीप ने यह कदम उठाया। घटना के विरोध में परिजन और ग्रामीण अलीगढ़ जीआरपी थाने पहुंचे और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान थाने पर काफी देर तक हंगामा होता रहा। बाद में प्रदर्शनकारी रेलवे ट्रैक पर भी पहुंच गए और विरोध दर्ज कराया। किसी तरह रेलवे अधिकारी और कर्मचारियों ने उन्हें समझा कर ट्रैक से हटाया। परिजन इस मामले में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और रिपोर्ट दर्ज करने की मांग कर रहे थे।
सीओ इटावा उदय प्रताप सिंह के अनुसार पूरे प्रकरण में प्रथम दृष्टिया दोषी माने गए चौकी इंचार्ज खुर्जा जंक्शन अरविंद कुमार, सिपाही सचिन कुमार एवं सुनील कुमार को एसपी जीआरपी आगरा अनिल कुमार झा ने प्रारंभिक जांच के आधार पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। सीओ का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।