{"_id":"69d4931910cb4dba1b01e818","slug":"suspicious-car-with-objectionable-material-seized-from-amu-2026-04-07","type":"story","status":"publish","title_hn":"Aligarh News: एएमयू से आपत्तिजनक सामान सहित संदिग्ध कार जब्त, जबरन छीन ले गया छात्र नेता, फिर पकड़ा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Aligarh News: एएमयू से आपत्तिजनक सामान सहित संदिग्ध कार जब्त, जबरन छीन ले गया छात्र नेता, फिर पकड़ा
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
Published by: Chaman Kumar Sharma
Updated Tue, 07 Apr 2026 10:46 AM IST
विज्ञापन
सार
भूगोल विभाग के पास छात्रावास के बाहर एक कार दो दिन से लावारिस अवस्था में खड़ी थी। एएमयू प्रॉक्टर ने कार की चाबी लेकर उसकी तलाशी ली, जिसमें काफी कुछ आपत्तिजनक सामान मिला और पुलिस की एक कैप भी मिली। गाड़ी पर पुलिस का लोगो भी लगा था। मगर दोनों ओर नंबर प्लेट नहीं थी।
एएमयू
- फोटो : संवाद
विज्ञापन
विस्तार
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग परिसर के पास दो दिन से खड़ी संदिग्ध कार को एएमयू प्रॉक्टोरियल टीम ने जब्त किया है। तलाशी में इस कार में कुछ आपत्तिजनक सामान भी मिला है। इस दौरान एक छात्र नेता प्रॉक्टर टीम की कार्रवाई का विरोध करते हुए उस कार को जबरन छीनकर आफताब हॉल में ले गया, लेकिन प्रॉक्टर टीम ने गाड़ी को थाने भेज दिया। साथ में पुलिस को तहरीर भी दी है। पुलिस ने कार को सीज किया है।
Trending Videos
प्रॉक्टर टीम को सूचना मिली कि भूगोल विभाग के पास छात्रावास के बाहर एक कार दो दिन से लावारिस अवस्था में खड़ी है। पिछले कुछ दिनों में हुईं आपराधिक घटनाओं को ध्यान में रखते हुए सोमवार दोपहर प्रॉक्टर डा. नवेद खां के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इस पर जानकारी में आया कि यह कार एक छात्र नेता के दोस्त की है। हालांकि, यहां क्यों खड़ी है और कौन लाया है, इस पर जानकारी नहीं हो सकी।
विज्ञापन
विज्ञापन
इसी बीच छात्र नेता वहां आ गए और प्रॉक्टर टीम का विरोध करते हुए कार को छीनकर आफताब हॉल ले गए। बाद में प्रॉक्टर टीम ने उस कार को आफताब हॉल में जब्त कर लिया। इस बीच एक युवक वहां उसे अपनी बताते हुए आया। साथ में छात्र नेता ने भी फिर से कार्रवाई का विरोध किया। मगर प्रॉक्टर ने सख्ती दिखाते हुए कार की चाबी लेकर उसकी तलाशी ली, जिसमें काफी कुछ आपत्तिजनक सामान मिला और पुलिस की एक कैप भी मिली। गाड़ी पर पुलिस का लोगो भी लगा था। मगर दोनों ओर नंबर प्लेट नहीं थी। इस पर प्रॉक्टर टीम कार को युवक सहित थाने ले गई। पुलिस ने कार को सीज कर दिया है।
प्रॉक्टर प्रो. नवेद खां के अनुसार कार पर नंबर नहीं पड़ा था। दो दिन से लावारिस खड़ी थी। इसलिए तलाशी व जांच के बाद उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। उसमें काफी कुछ आपत्तिजनक मिला है। साथ में थाने में छात्र नेता के खिलाफ कार्रवाई का विरोध करने के सबंध में तहरीर दी है। इस मामले में सीओ तृतीय सर्वम सिंह ने बताया कि कार सीज कर दी गई है। बाकी जांच की जा रही है।