अलीगढ़ में चढ़ा पारा: गर्मी बढ़ने से बढ़ी बिजली की मांग, कटौती से तमतमाए लोग, बिजली घरों पर किया प्रदर्शन
बिजली विभाग के अनुसार जिले में रोजाना 18 से अधिक ट्रांसफॉर्मर खराब हो रहे हैं। इस सीजन में अब तक करीब 275 ट्रांसफॉर्मर फुंक चुके हैं। सबसे अधिक समस्या घनी आबादी वाले शहरी इलाकों और ग्रामीण फीडरों पर सामने आ रही है, जहां एसी, कूलर और अन्य विद्युत उपकरणों के बढ़ते इस्तेमाल से लोड क्षमता से अधिक पहुंच गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गर्मी का पारा चढ़ते ही अलीगढ़ जिले में बिजली की मांग 242 मेगावाट बढ़ गई है। इसके चलते बिजली व्यवस्था हांफ गई है। क्षमता से अधिक भार बढ़ जाने के कारण रोजाना 18 ट्रांसफॉर्मर फुंक रहे हैं। चार से पांच घंटे की कटौती करनी पड़ रही है। कटौती और बिजली की आवाजाही से लोगों ने रोष पनप रहा है। मंगलवार रात में घंटों बिजली गुल रहने से आक्रोशित लोगों ने शहर के लालताल, रावण टीला, बारहद्वारी व क्वार्सी विद्युत उपकेंद्रों का घेराव कर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने विद्युत विभाग पर मनमानी और लापरवाही बरतने का आरोप लगाया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भीषण गर्मी में घंटों बिजली गुल रहने से घरों में पानी का संकट खड़ा हो रहा है, बच्चों व बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। कृष्णविहार कॉलोनी में भी में रातभर बिजली गुल रही, लोग लोग दैनिक कार्यों के लिए भी परेशान रहे।
बिजली विभाग के अनुसार जिले में रोजाना 18 से अधिक ट्रांसफॉर्मर खराब हो रहे हैं। इस सीजन में अब तक करीब 275 ट्रांसफॉर्मर फुंक चुके हैं। सबसे अधिक समस्या घनी आबादी वाले शहरी इलाकों और ग्रामीण फीडरों पर सामने आ रही है, जहां एसी, कूलर और अन्य विद्युत उपकरणों के बढ़ते इस्तेमाल से लोड क्षमता से अधिक पहुंच गया है। ट्रांसफॉर्मर खराब होने के बाद उन्हें बदलने में कई घंटे लग जाते हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को उमस भरी गर्मी में बिना बिजली के परेशान होना पड़ रहा है।
कई इलाकों में रातभर बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों की नींद भी प्रभावित हो रही है। अधीक्षण अभियंता ट्रांसफॉर्मर वर्कशाॅप एपी सिंह ने बताया कि लगातार बढ़ते तापमान और अधिक लोड के कारण ट्रांसफार्मरों पर दबाव बढ़ा है। विभाग की टीमें खराब ट्रांसफार्मरों को बदलने और अतिरिक्त क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मर लगाने में जुटी हैं।
एक मई से पूर्व बिजली की प्रतिदिन मांग 571 मेगावाट थी। जिसमें करीब 42 फीसदी बिजली की मांग बढ़ जाने से यह अब प्रतिदिन 813 मेगावाट तक पहुंच गई है। ब्रेकडाउन व फाल्ट के चलते बिजली कटाैती हो रही है। इसके चलते देहात क्षेत्र के फीडरों पर रात के समय फोर्स रोस्टिंग की जा रही है। हालांकि रात में हुई कटाैती के बाद दिन के समय भरपाई करने के निर्देश चेयरमैन स्तर से दिए गए हैं।- अरविंद नायक, मुख्य अभियंता विद्युत वितरण
बिजली कटौती का निर्धारित समय
- तहसील मुख्यालयों पर प्रतिदिन सुबह 06:15 बजे से 07:45 बजे तक और शाम 03:30 बजे से 04:30 बजे तक।
- नगर पंचायत क्षेत्रों में सुबह 07:00 बजे से 08:00 बजे तक व दोपहर 03:00 बजे से 04:30 बजे तक ।
यह आ रही समस्या
- एसी, कूलर, फ्रिज और पानी की मोटरों का इस्तेमाल कई गुना बढ़ जाता है। इससे ट्रांसफॉर्मर पर क्षमता से ज्यादा दबाव पड़ता है।
- कई इलाकों में पुराने और कम क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मर लगे हैं, जबकि उपभोक्ताओं की संख्या लगातार बढ़ चुकी है। अधिक लोड पड़ने पर ट्रांसफॉर्मर गर्म होकर फुंक जाते हैं।
- बार-बार वोल्टेज ऊपर नीचे होने से ट्रांसफॉर्मर की कॉइल व उपकरणों पर असर पड़ता है, जिससे खराबी बढ़ती है।
- कई स्थानों पर वर्षों पुराने तार, जर्जर लाइनें व खराब जंपर भी ट्रांसफॉर्मर फेल होने की वजह बन रहे हैं।
- समय पर ऑयल चेकिंग, मरम्मत व लोड बैलेंसिंग न होने से ट्रांसफॉर्मर जल्दी खराब हो जाते हैं।
- बिजली चोरी के कारण भी अचानक अतिरिक्त लोड बढ़ जाता है, जिसका असर ट्रांसफार्मरों पर पड़ता है।
यह है बिजली आपूर्ति का शेड्यूल्ड
- शहरी क्षेत्र में 24 घंटे
- तहसील स्तर पर 21.30 घंटे
- गांवों में 18 घंटे
- नलकूपों के लिए प्रतिदिन 10 घंटे
यह भी जानें
571 मेगावाट बिजली आपूर्ति की मांग थी जिले में एक मई से पहले
813 मेगावाट बिजली की खपत हुई जिले में बुधवार को जिले में
18 ट्रांसफॉर्मर रोजाना फुंक रहे जिले में सप्ताह भर पहले फुंक रहे थे छह-सात
275 ट्रांसफॉर्मर फुंके हैं मई माह अब तक,पिछले यह आंकड़ा था 240 का।
वैष्णो रॉयल सिटी में बिजली संकट, 124 परिवार परेशान
शहर के सिंधौली स्थित वैष्णो रॉयल सिटी फेज-1 कॉलोनी में पिछले 24 घंटे से विद्युत आपूर्ति बाधित है। इसके चलते कॉलोनी में रहने वाले करीब 124 परिवारों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को जरूरी कामकाज के साथ ही पीने के पानी तक के लिए परेशानी उठानी पड़ी। कई परिवारों को अपने रिश्तेदारों के यहां जाना पड़ा। स्थानीय निवासियों के अनुसार करीब 20 घंटे की प्रतीक्षा के बाद नया ट्रांसफॉर्मर लगाया गया है, किंतु वह भी सुचारु रूप से चालू नहीं हो सका। आईटीआई रोड मुश्ताक नगर लाल ताल बिजलीघर पर पिछले कई दिन से बिजली की समस्या लगातार बनी हुई है। इसको लेकर लोगों में आक्रोश पनप रहा है।