Aligarh: किसान के शव को सड़क पर रखकर तीन घंटे लगाया जाम, आरोपियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग
अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से किसान की गोदकर हत्या कर दी और शव को चारपाई पर डाल दिया। देर शाम घूमने निकले ग्रामीणों ने जब उनका शव लहूलुहान हालात में चारपाई पर देखा तो लोगों की भीड़ लग गई।
विस्तार
गभाना क्षेत्र के गांव घौरोठ में 15 फरवरी की शाम किसान विनय की हत्या के बाद 16 फरवरी सुबह लोगों ने शव को सोमना-खैर रोड पर रखकर जाम लगा दिया। गुस्साए लोगों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी, परिजनों को मुआवजा दिए जाने की मांग करते हुए नारेबाजी की। करीब तीन घंटे बाद पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम को खोला गया।
16 फरवरी की सुबह ग्रामीण विनय के शव को मोर्चरी से गांव लेकर आए और करीब 7:30 बजे शव को लेकर सोमना-खैर रोड पर पहुंच गए और शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीण पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी के साथ मृतक के परिजनों को एक करोड़ मुआवजा, पट्टा आवंटन की मांग करने लगे। मौके पर पहुंचे सीओ गभाना धनंजय सिंह, सीओ खैर वरुण कुमार सिंह, चंडौस, खैर पुलिस ने ग्रामीणों से जाम खुलवाने के काफी प्रयास किए। लेकिन अपनी मांगों पर अड़े रहे।
विनय के हत्यारों को पकड़ने के लिए एसओजी, सर्विलांस, समेत कई टीमें लगी हुई हैं, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।-शेखर पाठक, मृगांक शेखर, एसपी सिटी
जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे
बाद में एसडीएम हरिश्चंद्र, एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक, जिला पंचायत सदस्य संजय सिंह, पूर्व विधायक दलवीर सिंह के पौत्र विजय सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। बाद में ग्रामीणों ने एसएसपी से फोन पर वार्ता की। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही हत्यारों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इसके बाद करीब 11.30 बजे जाम को खुलवाया गया। बाद में किसान विनय के शव का अंतिम संस्कार किया गया।
यह है मामला
गांव घौरोठ निवासी किसान विनय कुमार उर्फ गिरीश पाल सिह (35) रविवार की शाम खेतों पर गए थे, जहां उनकी अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से गोदकर हत्या कर दी और शव को चारपाई पर डाल दिया। देर शाम घूमने निकले ग्रामीणों ने जब उनका शव लहूलुहान हालात में चारपाई पर देखा तो लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एहतियात के तौर पर उसके शव का रात में पोस्टमार्टम करा दिया था।