Hanumant Katha Prayagraj : बागेश्वर बाबा बोले- व्यर्थ को दूर करते ही जीवन का अर्थ हो जाएगा सार्थक
व्यर्थ को दूर करते ही जीवन का अर्थ सार्थक हो जाएगा। प्रयागराज में गंगा, यमुना और सरस्वती के संगम के साथ ही आस्था, अध्यात्म, भक्ति और शक्ति का भी संगम है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
व्यर्थ को दूर करते ही जीवन का अर्थ सार्थक हो जाएगा। प्रयागराज में गंगा, यमुना और सरस्वती के संगम के साथ ही आस्था, अध्यात्म, भक्ति और शक्ति का भी संगम है। यहां पर 12 ठाकुर जी के साथ हनुमान जी विराजमान हैं। यहां के पंडों की महिमा महान है, इनके पास सबकी कुंडली है। ये बातें सोमेश्वर महादेव गंगा घाट पर आयोजित राष्ट्र हनुमंत कथा के दूसरे दिन बुधवार को कथा व्यास बागेश्वर पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहीं।
प्रयाग उत्थान समिति की ओर से आयोजित कथा में बुधवार को अशोक वाटिका और रावण दरबार का वर्णन किया गया। सनातन पर बोलते हुए पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि किसी भी तीर्थ स्थल पर जाओ, तो वहां ज्ञान, स्नान और दान जरूर करना चाहिए। जरूरी नहीं कि धन का दान हो, यदि आप धन का दान नहीं कर सकते तो अपने गलत विचारों का दान करके वहां से आएं।
कथा के दूसरे दिन विशेष अतिथियों में परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजा भैय्या, सांसद मनोज तिवारी, दिनेश लाल यादव निरहुआ, महाभारत में युधिष्ठिर का किरदार निभाने वाले गजेंद्र चौहान और दुर्योधन का किरदार निभाने वाले पुनीत इस्सर शामिल रहे।
डिप्टी सीएम बोले- भारत के पुराने हिस्से पाकिस्तान में भी होनी चाहिए राम कथा
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारत के पुराने हिस्से पाकिस्तान में भी राम कथा का आयोजन होना चाहिए। उन्होंने पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का अभिनंदन करते हुए कहा कि महाराज जी ने सनातन संस्कृति की अलख जगाने का काम किया है। वहीं, गजेंद्र चौहान और पुनीत इस्सर ने महाराज जी का अभिवादन किया। इसके बाद पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि आज एक ही मंच पर महाभारत के दोनों पक्ष हैं। यदि यह पहले ही एक मंच पर बैठ जाते तो महाभारत का युद्ध नहीं होता।
महाकुंभ और माघ मेले के बाद संगम की रेती पर उमड़ा जनसैलाब
परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि महाकुंभ, माघ मेले के बाद अब संगम की रेती पर जनसैलाब उमड़ा है। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काम की तारीफ की। कहा कि उन्होंने धार्मिक स्थलों का जीर्णोद्धार कराया। आज पूरा विश्व अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए पहुंच रहा है। ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए उन्होंने सेना के शौर्य का बखान किया।
अब भारत जरूर बनेगा हिंदू राष्ट्र : पुनीत इस्सर
पुनीत इस्सर ने कहा कि अब भारत हिंदू राष्ट्र जरूर बनेगा। अब हमें शास्त्र विद्या के साथ शस्त्र विद्या का ज्ञान लेना होगा। हमें अपने बच्चों को सनातन धर्म से अवगत कराने के साथ ही आसपास के माहौल से बचाना होगा। धर्म परिवर्तन और लव जिहाद से हमें सतर्क रहने की आवश्यकता है। वहीं, भोजपुरी फिल्मों के सितारे दिनेश लाल यादव निरहुआ ने अपने अंदाज में गीत गाते हुए राम भक्ति का संदेश दिया। विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजा भैय्या ने कहा कि जो नेता वंदे मातरम का विरोध करे, जनता को उसे सबक सिखाना चाहिए। इस दौरान व्यापारी नेता उमेश चंद्र केसरवानी एवं राजेश केसरवानी ने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को गदा भेंट किया। इस मौके पर विनय प्रताप सिंह, अजीत सिंह, धीरेंद्र प्रताप सिंह, अभिषेक ठाकुर, दिलीप चतुर्वेदी, पार्षद राकेश जायसवाल, निखिल पांडे, शिवम अग्रहरी आदि मौजूद रहे।
संयोजक ने अतिथियों का किया स्वागत
मुख्य संयोजक डाॅ. उदय प्रताप सिंह ने स्वामी चिदानंद, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, विधायक रघुराज प्रताप सिंह, सांसद मनोज तिवारी, दिनेश लाल यादव निरहुआ, पुनीत इस्सर, गजेंद्र सिंह, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी का अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।

कमेंट
कमेंट X