पुलिस की बड़ी कार्रवाई: आजमगढ़ में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, मुठभेड़ में चार अंतरजनपदीय चोर गिरफ्तार
Azamgarh News: आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़ में चार अंतर्जनपदीय चोर घायल हुए। सभी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। साथ ही पुलिस ने चोरी की सात घटनाओं का खुलासा किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आजमगढ़ जिले में अहरौला और तहबरपुर पुलिस ने मुठभेड़ में चार अंतर्जनपदीय चोरों को घायल कर गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बृहस्पतिवार भोर में अलग-अलग स्थानों पर हुई। पुलिस ने इन अभियुक्तों के कब्जे से चोरी के जेवरात, 29230 रुपये नकदी और हथियार बरामद किए हैं।
क्या है पूरा मामला
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बरेली निवासी दिलकस, साहिल, वाजिद और फैजान के रूप में हुई है। इन पर बरेली और बदायूं सहित कई जनपदों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने आजमगढ़ सहित गाजीपुर, बलिया और जौनपुर में भी चोरी की वारदातें स्वीकार कीं। इस कार्रवाई से अहरौला क्षेत्र की दो और तहबरपुर क्षेत्र की दो चोरी का खुलासा हुआ है।
बिलरियागंज क्षेत्र की दो और अंबेडकरनगर के जैतपुर थाना क्षेत्र की एक चोरी का भी अनावरण हुआ। गिरोह के सदस्य हाईवे के पास वाहन खड़ा कर घरों में छत के रास्ते घुसकर चोरी करते थे। वे ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चुराते थे। चोरी के बाद एसयूवी वाहन से फरार हो जाते थे।
पुलिस ने ऐसे की कार्रवाई
अहरौला पुलिस ने बृहस्पतिवार की भोर में करीब 03:46 बजे पश्चिमपट्टी महलिया के पास एक सफेद एक्सयूवी-500 को रोकने का प्रयास किया। वाहन सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दिलकस और साहिल के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वे घायल हो गए और उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। इसी क्रम में तहबरपुर पुलिस ने करीब 04:29 बजे चकियादुबे रामपुर सर्विस रोड पर बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। यहां भी फायरिंग के बाद वाजिद के दाहिने और फैजान के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें भी गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया गया।
बरामदगी और आपराधिक इतिहास
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि पुलिस ने अभियुक्तों के पास से तीन तमंचे, कारतूस, चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, 29,230 रुपये नकदी और एक एक्सयूबी-500 वाहन बरामद किया है। इसके अतिरिक्त पांच मोबाइल फोन और चोरी में प्रयुक्त उपकरण भी मिले हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों का लंबा आपराधिक इतिहास है। दिलकस और साहिल पर बरेली व बदायूं में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के चार फरार सदस्यों दिलशाद, आफताब, सोनू अली और नेसार की तलाश कर रही है।